गाजियाबाद। उप्र आबकारी आयुक्त के आदेश के क्रम में संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ जोन एवं उप आबकारी आयुक्त मेरठ प्रभार के निर्देशन में अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। आबकारी विभाग की टीम ने दबिश के दौरान अवैध शराब समेत तस्कर को गिरफ्तार किया। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को आबकारी निरीक्षक राजकमल सिंह, प्रवर्तन मेरठ व आबकारी निरीक्षक सेक्टर 2 गाजियाबाद की संयुक्त टीम द्वारा इंद्रापुरम थाना अन्तर्गत मकनपुर गांव में दबिश दी गई। दबिश के दौरान अभियुक्त संजय यादव पुत्र गजेंद्र को अवैध रूप से शराब की बिक्री करते उसके कब्जे से 882 पौवे (724 पौवे देसी शराब मार्का मोट्टा एवं 158 पव्वे रेस 7 मेट्रो लिकर, फॉर सेल इन हरियाणा) के साथ गिरफ्तार किया गया। इसे गिरफ्तार करने के बाद इंदिरापुरम थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
















