22 और गांवों में शुरू होगी गंगाजल आपूर्ति
ग्रेटर नोएडा। जनपद गौतमबुद्ध नगर के 22 गांवों के ग्रामीणों के लिए अच्छी खबर है। इन गांवों में दीपावली पर्व से पहले गंगाजल आपूर्ति शुरू होने की पूरी उम्मीद है। इसके मद्देनजर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण हरसंभव तैयारियों में जुटा है। ऐसे में दीपावली पर बड़ी आबादी को गंगाजल के तौर पर स्पेशल गिफ्ट मिल सकेगा। सरकारी स्तर से प्रस्तावित कार्यों को तेजी से निपटाने पर काम चल रहा है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधीन 47 गांवों को फिलहाल गंगाजल आपूर्ति हो रही है। इन गांवों में प्रतिदिन निर्धारित समय पर गंगाजल मिलता है। इससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 22 और गांवों को गंगाजल आपूर्ति से जोड़ने की योजना तैयार की थी। योजना पर काम भी आरंभ कर दिया गया था। कोरोना संक्रमण की वजह से निर्माण कार्य को बीच में रोकना पड़ा था। नतीजन योजना के क्रियान्वयन में देरी हो गई। अब कार्य तेज हो गया है। गंगाजल आपूर्ति से संबंधित कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इसके बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने दीपावली पर्व के नजदीक 22 गांवों में गंगाजल आपूर्ति प्रारंभ कराने का मन बनाया है।
यदि सब-कुछ ठीक-ठाक रहा तो बड़ी आबादी को दीपावली का स्पेशल गिफ्ट मिल जाएगा। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पाइप लाइन बिछाने का काम निपट चुका है। सिर्फ कनेक्शन का काम शेष है। यह काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। बता दें कि नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा में गाजियाबाद से गंगाजल आपूर्ति होती है। प्रताप विहार प्लांट के जरिए गाजियाबाद की कॉलोनियों और नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा को गंगाजल दिया जाता है। प्रतिवर्ष दीपावली पर्व से एक माह पहले गंग नहर की सफाई के चलते गंगाजल आपूर्ति बाधित होती है।
















