बिहार में प्रोजेक्ट्स की बहार : पीएम ने फिर चौंकाया

कनेक्टिविटी से संबंधित 9 परियोजनाओं का शिलान्यास

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। चुनावी सीजन में बिहार पर गिफ्ट की खूब बरसात हो रही है। इसी कड़ी में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के जरिए कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा। पीएम मोदी ने सोमवार को बिहार की विकास यात्रा के लिए अह्म दिन बताया। उन्होंने बिहार के लिए फाइबर केबल नेटवर्क तथा राजमार्गों से जुड़ी 9 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के गांवों में इंटरनेट यूजर्स की संख्या शहरों से ज्यादा हो जाएगी। यह कुछ साल तक सोचना मुश्किल था। निकट भविष्य में किसान, ग्रामीण युवा व महिलाएं आसानी से इंटरनेट का इस्तेमाल कर सकेंगे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि देश के गांवों में अच्छी गुणवत्ता और तेज रफ्तार का इंटरनेट होना चाहिए। सरकार की कोशिशों के कारण देश की करीब डेढ़ लाख पंचायतों तक ऑप्टिकल फाइबर पहले ही पहुंच चुका है। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 6 साल में देशभर में 3 लाख कॉमन सर्विस सेंटर भी ऑनलाइन जोड़े गए हैं। एक प्रकार से गांव को अब शहरों की भांति हर सुविधा घर बैठे मिलेगी। इसके लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि दुनियाभर में उसी देश ने सबसे तेज तरक्की की है, जिसने अपने इंफ्रास्ट्रक्चर पर गंभीरता से निवेश किया है। भारत में बड़े और व्यापक बदलाव लाने वाले प्रोजेक्ट पर उतना ध्यान नहीं दिया गया, बिहार तो इसका बहुत बड़ा भुक्त भोगी रहा है। बता दें कि इसके पहले भी प्रधानमंत्री मोदी बिहार के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास कर चुके हैं। बिहार में विधान सभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में मतदाताओं को रिझाने की दृष्टि से सरकार हरसंभव कदम उठा रही है।