– नालों के खिलाड़ी ठेकेदारों पर हुई अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, 8 फर्मों को किया ब्लैक लिस्ट
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नालों की सफाई में खेल करने वाले मठाधीश ठेकेदार सहित कई ठेकेदारों को अब नगर निगम के कोपभाजन का शिकार होना पड़ रहा है। नालों की सफाई में मलाई चाटने वालों की चम्मच ही नगर निगम ने छीन ली है। अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम ने एक साथ 8 ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट कर दिया है। इन ठेकेदारों के साथ-साथ अन्य ठेकेदारों के कामकाज की जांच करने के निर्णय को लेकर भी मंथन चल रहा है।
नगर निगम की इस बड़ी कार्रवाई से ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है। वहीं, म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने स्पष्ट कह दिया है कि मनमानी और सरकारी पैसों का दुरूपयोग करने वालों को किसी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा कि जिन लोगों ने नियमानुसार काम किया है उन्हें किसी भी तरह से घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन खेल करने वालों की अब खैर नहीं है।
खिलाड़ी ठेकेदारों पर मेयर की नजर टेढ़ी
नगर निगम में नालों की सफाई का खेल बेहद गंभीर मामला रहा है। लंबे समय से चल रहे इस खेल पर पर्दा डलता रहा है। लेकिन पिछले पखबारे हुई भारी बारिश और उस कारण शहर में हुए जल भराव ने ठेकेदारों की पोल खोल दी। शहर में इतना जलभराव हुआ कि जिस सड़क से वाहन गुजरते हैं वहां पर बारिश के पानी में डूबने से एक युवक की मौैत हो गई। रही सही कसर मेयर आशा शर्मा की जांच ने पूरी कर दी। मेयर की जांच में एक दर्जन से अधिक ऐसे नाले मिले जिनका टेंडर हुआ था। इसके बावजूद नालों की सफाई नहीं की गई थी। सफाई के इस बड़े खेल की जानकारी होते ही म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर आग-बबूला हो गये और नगर स्वास्थ अधिकारी से रिपोर्ट मांगी। जांच रिपोर्ट में नाले के खेल को लेकर लगे सभी आरोप सच साबित हुए। नाले-नालियों की सफाई के खेल का मुद्दा पहले भी उठता था लेकिन हर बार इसे किसी ना किसी तरह से दबा दिया जाता था।
ठेकेदारों पर मेयर हुई लाल, चलेगा हंटर
लेकिन इस बार ठेकेदार ऐसा कर पाने में असफल हुए। नालों की सफाई के इस खेल में जहां कई ठेकेदार मालामाल हो गये और करोड़ों रुपये का बंदरबांट हुआ वहीं, सफेदपोश ठेकेदारों ने शहर का बेड़ा गर्क कर दिया। मेयर का मानना है कि पूर्व में भी ठेकेदार ने बिना नाले को साफ किए यदि फर्जी भुगतान लिया है तो यह एक बेहद गंभीर मामला है। यह एक बड़ा घोटाला है। इसकी जांच होनी चाहिये कि किस ठेकेदार की कितनी फाइल है और किन लोगों ने नालों के ठेके पर आधिपत्य जमा रखा है।
इन फर्मो पर हुई कार्रवाई
– मैसर्स राज इन्टरप्राइजिज
– मैसर्स नार्थ इंडिया डवलपर्स
– मैसर्स राज श्यामा इन्टरप्राइजिज
– मैसर्स श्यामा कंस्ट्रक्शन
– मैसर्स अबरार अहमद
– मैसर्स जीएम कंस्ट्रक्शन
– मैसर्स मलिक कंस्ट्रक्शन
– मैसर्स आकृति एंड एसोसिएट्स
इन नालों की हुई जांच
– पटेल नगर से शिब्बन पुरा पटेल नगर 2 मेरठ रोड तक नालों की सफाई का कार्य
– वसुंधरा जोन में अग्रवाल स्वीट बी ब्लॉक से लेकर ब्रिज बिहार नाले तक की सफाई का कार्य
– डासना गेट से जटवारा होते हुए डॉक्टर के के मित्तल संजय गीता पार्क के बराबर से पटेल नगर तक नाले की सफाई का कार्य
– कौशांबी बस डिपो से भूषण स्टील के सामने बड़े नाले तक पुलिया सहित नाले की सफाई का कार्य
– भूषण स्टील से वैशाली सेक्टर 1 एलिवेटेड रोड की पुलिया तक बड़ेे नाले की सफाई का कार्य
– राकेश मार्ग शनि मंदिर से जीटी रोड जूस कॉर्नर तक नाले की सफाई का कार्य
– डासना गेट से रमते राम रोड होते हुए जस्सीपुरा स्थित महामेधा बैंक तक नाले की सफाई का कार्य
– शनि मंदिर विवेकानंद नगर से साउथ साइड औद्योगिक क्षेत्र की पुलिया तक नाले की सफाई का कार्य
– विजय नगर जोन के अंतर्गत कार्बन फैक्ट्री रेलवे लाइन से एवीएस कॉलेज होते हुए क्रॉसिंग पुलिया तक नाले की सफाई का कार्य
– विजय नगर जोन के अंतर्गत गौशाला वाला नाला पंजाब रेलवे लाइन शुरू होता हुआ मिलिट्री ग्राउंड को पार करता हुआ आश्रम वाले नाले तक नाले की सफाई का कार्य
– सी ब्लॉक शास्त्री नगर से रजापुर फ्लाईओवर बाग वाली कॉलोनी तक दोनों और नाले की सफाई का कार्य
– चौधरी मोर से दौलतपुरा फ्लाईओवर के बराबर से रेलवे लाइन तक नाले की सफाई का कार्य
– मोहन नगर जोन के अंतर्गत गौतम की पुलिया से एक तो पुलिया हुए बाल्मीकि बस्ती में बाल्मीकि मंदिर के पास गोदाम तक नाले की सफाई का कार्य
-विजय नगर जोन के अंतर्गत सर्वोदय नगर चौक से ग्रीन बेल्ट चरण सिंह कॉलोनी पुलिया होते हुए संतोष मेडिकल के पास होते हुए आश्रम वाले नाले से गंगाजल प्लांट के पीछे तक नाले की सफाई का कार्य
नालों की सफाई को लेकर काफी शिकायतें मिली थी। इन शिकायतों की जांच कराई गई। जांच में व्यापक पैमाने पर
अनियमिताएं मिली है। जिसके बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर अनियमितताओं में सम्मलित फर्मों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
महेंद्र सिंह तंवर
म्युनिसिपल कमिश्नर
गाजियाबाद
















