-मेले परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था दुरूस्त कराने के निर्देश
गाजियाबाद। जनपद में इस बार दीवाली मेले का आगाज होगा। जो कि कोरोना संक्रमण काल में पिछले साल मेले का आयोजन नहीं हो पाया था। गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि 4 नवंबर को खुले मैदान में दीपावली मेले का आगामी आयोजन कराया जाए। प्रदेश शासन ने जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी किए है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शासन के निर्र्देशों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि दीपावली पर बड़ी संख्या में लोग घरेलू उपयोग की वस्तुओंं की खरीदारी करते हैं। ऐसे में नगर निगम के अलावा नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत क्षेत्र में जिला प्रशासन द्वारा दीपावली मेले का आयोजन किया जाएगा।
नगर पालिका परिषदों में 28 अक्टूबर से शुरू होगा। जबकि 4 नवंबर को मेले का समापन होगा। शहरी क्षेत्र में नगर निगम द्वारा मेले का आयोजन कराया जाएगा।
डीएम ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मेले का आयोजन से पहले खुला स्थान चिन्हित किया जाए। मेले में ठेली-पटरी विक्रेताओं के लिए उपयुक्त स्थान, फूड स्टॉल, बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंच और दर्शकों के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली मेले के आयोजन से संबंधित सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाए। ताकि कोई असामाजिक तत्व मेले में व्यवधान उत्पन्न न कर सके। विद्युत विभाग के अधिकारी मेले में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराएं। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि मेले में जाने के लिए सड़क को ठीक कराया जाए। सूचना विभाग मेले में शासन से दिए गए निर्देशों के क्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन कराना सुनिश्चित कराया जाए। मेला स्थल पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।मेला स्थल पर कोविड एवं अन्य प्रकार की संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए समुचित व्यवस्था की जाए। मेले में प्रतिभाग करने वाले लोगों का मास्क पहनना जरूरी होगा। नियमित रूप से सैनेटाइज करने और हैंड सैनिटाइजर की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई जाए। वहीं, मेले परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छता, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट आदि व्यवस्था पहले ही पूरी कराने के निर्देश दिए। वहीं, जिलाधिकारी के निर्देश पर एडीएम सिटी विपिन कुमार ने एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा आदि अधिकारियों की मौजूदगी में व्यापारी संगठनों के साथ बैठक की। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं का जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया। बैठक में अपर नगर मजिस्टे्रट द्वितीय विनय कुमार सिंह,संयुक्त आयुक्त उद्योग,जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी संजय श्रीवास्तव,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील त्यागी, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार, विद्युत विभाग, नगर निगम एवं नगर पालिका परिष्ज्ञद के अधिशासी अधिकारी आदि मौजूद रहे।















