-लोनी में शराब तस्करों के अड्डे पर छापा, 3 हजार किलो लहन नष्ट, 70 लीटर कच्ची शराब बरामद
गाजियाबाद। त्योहारी सीजन को लेकर सतर्क आबकारी विभाग ने कच्ची शराब बनाने के अवैध धंधे का पर्दाफाश किया है। शराब तस्करों के अड्डो पर छापा मारकर मौके से अवैध शराब बरामद कर, 3 हजार किलोग्राम लहन को नष्ट कराया। इस कार्रवाई के दौरान तस्कर फरार हो गए। फरार तस्करों की तलाश की जा रही है। विभाग का कहना है कि शराब तस्करों के खिलाफ छापामार कार्रवाई तेज की जाएगी। इसके मद्देनजर मुखबिर तंत्र को भी मजबूत किया जा रहा है। शराब तस्करों का सिडिंकेट तोडऩे के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे है। दिवाली पर्व को ध्यान में रखकर आबकारी विभाग बेहद सतर्कता बरत रहा है। शराब तस्करी पर अकुंश लगाने के लिए दिन-रात कसरत हो रही है। इसके नतीजे भी मिल रहे है।
दरअसल त्योहारी सीजन में शराब की मांग अधिक बढ़ जाने के कारण तस्कर ज्यादा सक्रिय हो जाते है। सस्ती शराब के चक्कर में शौकीन सेहत से खिलवाड़ करने से भी नही चूकते। हालांकि आबकारी विभाग लगातार लोगों को अवैध शराब के प्रति सर्तक रहने के लिए मुहिम चला रहा है। इसके बाद भी कुछ लोग सर्तक नही हो रहे है।
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं एसएसपी पवन कुमार के निर्देशन पर आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा लगातार अभियान चलाकर अवैध रूप से शराब बेचने और बनाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए अवैध रूप से बनाई जा रही कच्ची शराब को पकडऩे के लिए छापेमारी की गई।
मंगलवार सुबह आबकारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा, आबकारी निरीक्षक रमाशंकर सिंह, आशीष पांडेय, अरूण कुमार, त्रिवेणी सिंह मौर्य एवं लोनी और खोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव महमदपुर, रिस्तल, जावली, भनेड़ा जंगल एवं हिंडन खादर क्षेत्र में छापेमारी की कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान हिंडन खादर क्षेत्र में अवैध रूप से भट्टी चलाकर बनाई जा रही कच्ची शराब के चलते मौके पर भट्टी तोड़ी गई। वहीं, मौके पर करीब 3 हजार किलोग्राम लहन को नष्ट कराया गया। जबकि मौके से 70 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। बरामद शराब को जब्त कर लहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। जिले में अवैध रूप से शराब की बिक्री करने और शराब तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
















