– शहर वासियों को कचरा पृथक्करण के लिए किया जागरूक
गाजियाबाद। स्वच्छ भारत मिशन 2022 के तहत नगर निगम द्वारा प्रतिदिन शहर को जागरूक करने के लिए डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन गाडिय़ों पर रिकॉर्डिंग के माध्यम से शहर को संदेश दे रहा है कि कचरा पृथक्करण को किस प्रकार हम अपने दैनिक आदत बनाएं। नगर निगम टीम के साथ-साथ गाजियाबाद नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर भी सहयोग कर रहे हैं और शहर वासियों को कचरा पृथक्करण के लिए मोटिवेट किया जा रहा है। इसी क्रम में अतुल राघव भारतीय ताइक्वांडो एथलीट, ब्रांड एंबेसडर स्वच्छ भारत मिशन द्वारा सिटी जोन अंतर्गत जन जागरूकता अभियान चलाया गया। डोर टू डोर जाकर दुकानदारों को कचरा पृथक्करण का संदेश दिया गया कि वह किस प्रकार अपने कचरे को 4 कैटेगरी में विभाजित करके गाजियाबाद नगर निगम की डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन गाडिय़ों में डाल सकते हैं।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार ने बताया कि मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर स्वच्छ भारत मिशन के समस्त ब्रांड एंबेसडर शहर को जागरूक करने के लिए पूर्ण सहयोग कर रहे हैं। जिससे ना केवल जनता में जागरूकता आ रही है बल्कि शहर के प्रति स्वच्छता की भावना भी बढ़ती जा रही है और प्राय देखने में आ रहा है कि अधिकतर निवासीगण कचरे को अलग अलग कर ही नगर निगम की डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन गाडिय़ों में डाल रहे हैं जो कि स्वच्छ भारत मिशन की बहुत ही बढिय़ा पहल है। शहर हित में नगर निगम का सहयोग स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर पोंड मैन राम वीर तँवर, अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही सागर कसाना, तथा अन्य सभी सहयोग कर रहे हैं मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम सफाई इंस्पेक्टर अशोक व अन्य उपस्थित रहे।
















