लखनऊ। सामूहिक दुष्कर्म में फंसे भाजपा नेता एवं ब्लॉक प्रमुख लाल सिंह अब सलाखों के पीछे हैं। आशा की नौकरी लगवाने का भरोसा देकर युवती से गैंगरेप करने, अश्लील वीडियो बनाने और चलती कार से फेंक देने के मामले में लाल सिंह पर कानून का शिकंजा कस गया है। पीड़िता की आवाज दबाने को आरोपियों ने कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी थी। पीड़िता द्वारा पूरे प्रकरण की शिकाय पुलिस से करने पर आरोपियों ने भुगत लेने तक की धमकी दी थी। आगरा में यह मामला इन दिनों सुर्खियों में हैं।
आरोपी ब्लॉक प्रमुख को जेल जाना पड़ा है। पीड़िता के साथ आगरा के होटल में गैंगरेप किया गया था। यह घटना 21 दिसंबर 2021 की है। पीड़ित युवती ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराई है। दर्ज एफआईआर में लिखा कि 2 माह पहले उसके पास अनाम नंबर से कॉल आई थी। कॉल को रिसीव नहीं किया। बाद में बार-बार कॉल आने लगे। इस पर उसने बात की। कॉलर ने कहा कि वह दोस्ती करना चाहता है। कॉलर ने अपना नाम लाल सिंह बताया। कॉलर ने कहा कि वह ब्लॉक प्रमुख है। युवती की आशा की नौकरी लगवा देगा। इसके बाद आगरा आकर मिलने की कहने लगा।
भरोसा कर युवती गत वर्ष 21 दिसंबर को मिलने चली गई। बाद में आरोपी उसे फार्म हाउस में ले गया। आरोपी ने अपने दोस्त देव और जितेंद्र ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि फार्म हाउस में दुष्कर्म की शिकायत पुलिस से करने की कहने पर ब्लॉक प्रमुख ने धमकी दी। डर कर वह घर लौट गई। आरोपी ने अगले दिन फिर से कई कॉल की। दोबारा आगरा आने का दबाव बनाया। इंकार करने पर फोन पर अश्लील वीडियो भेजा। वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इस पर वह फिर से आ गई। आरोपी ने उसके साथ गलत काम किया।
युवती का आरोप है कि रविवार को डरा-धमका कर उसे पुन: आगरा बुला लिया गया। शाम को उसे एक कार से ताजगंज क्षेत्र के होटल अमर यात्री निवास में ले जाकर लाल सिंह और जितेंद्र ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट की गई। वीडियो वायरल करने की धमकी दी। तदुपरांत कार से आरोपी होटल से बाहर ले गए। फतेहाबाद मार्ग पर विशाल मेगा मार्ट के समीप चलती कार से धक्का देकर भाग गए।
उधर, सीओ सदर राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस की विवेचना में कई प्रमाण मिले हैं। पुलिस को कॉल डिटेल में दोनों की बातचीत का पता चला है। नतीजन आरोपी लाल सिंह के मोबाइल को कब्जे में लिया गया है। पीड़ित युवती के बयान भी दर्ज कराए गए हैं। युवती ने अपना अश्लील वीडियो बनाकर धमकाने की बात कही है। इस पर आरोपी के मोबाइल से वीडियो निकाला जाएगा। इसके लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला की मदद ली जाएगी। युवती का मेडिकल कराया गया है।















