लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव की सरगर्मी जोरों पर चल रही है। चुनावी सरगर्मी के बीच आदर्श आचार संहिता और कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने पर निर्वाचन आयोग का पूरा ध्यान है। इसके बावजूद कुछ जनप्रतिनिधि मनमानी करते दिखाई दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कोविड प्रोटोकॉल और आचार संहिता के नियमों का मखौल उड़ाना भाजपा विधायक को भारी पड़ा है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने विधायक और उनके 27 समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस संबंध में सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया था।
इसके बाद सरकारी तंत्र हरकत में आया है। पुलिस के मुताबिक मुजफ्फर नगर की पुरकाजी विधान सभा सीट से भाजपा विधायक प्रमोद उतवल और उनके 27 समर्थकों के खिलाफ चुनाव आचार संहिता और कोविड संबंधी नियमों का उल्लंघन करने का केस दर्ज किया गया है। पुलिस में दर्ज एफआईआर के मुताबिक यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद की गई। वीडियो में मेघना चंदन गांव में कथित तौर पर जनसभा के दौरान खिचड़ी का वितरण होता दिख रहा है।
उप-निरीक्षक लोकेश सिंह ने बताया कि विधायक प्रमोद और उनके समर्थकों के खिलाफ भारतीय दंड संहित, आपदा प्रबंधन अधिनियम और महामारी रोग अधिनियम से संबंधित धाराओं के तहत यह कार्रवाई की गई है। मामले की जांच चल रही है। उधर, यूपी में विधान सभा चुनाव 10 फरवरी से 7 मार्च के बीच 7 चरण में होने हैं। मतगणना 10 मार्च को कराई जानी है।
निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रचार के डिजिटल और ऑनलाइन तरीकों पर जोर देकर 5 राज्यों में चुनावों की घोषणा कर कोविड चिंताओं के मद्देनजर भौतिक रैलियों और रोड शो पर 22 जनवरी तक प्रतिबंध लगा रखा है। हालांकि शनिवार को राजनीतिक दलों को थोड़ी राहत देकर चुनाव आयोग ने इनडोर सभाओं वाली जगहों पर अधिकतम 300 या कुल क्षमता के 50 फीसदी नागरिकों के साथ मीटिंग आयोजित करने की अनुमति दे दी है।















