ओवैसी की पार्टी ने भी ठोकी ताल, 9 उम्मीदवारों का ऐलान, लोनी से डॉ. मेहताब को टिकट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में ऑल इंडिया मजलिसे इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) भी दम-खम दिखाने को तैयार है। इसके मद्देनजर एआईएमआईएम ने अपनी पहली सूची कर दी है। पहली सूची में 9 उम्मीदवारों के नाम हैं। पार्टी ने जनपद गाजियाबाद के लोनी विधान सभा क्षेत्र से डॉ. मेहताब को मैदान में उतारा है। ऑल इंडिया मजलिसे इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) चीफ असदुद्दीन ओवैसी काफी समय से उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल बनाने की कोशिश में जुटे हैं।

यूपी में किसी भी पार्टी के साथ ओवैसी ने हाथ नहीं मिलाए हैं। शुरुआत में चर्चा थी कि वह सपा या बसपा के साथ गठबंधन कर सकते हैं, मगर ओवैसी ने अकेले लड़ने का फैसला लिया है। यूपी में 10 फरवरी को प्रथम चरण का मतदान होना है। इसकी तैयारी एआईएमआईएम ने भी कर दी है। एआईएमआईएम ने अपनी पहली चुनावी लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में 9 उम्मीदवारों के नाम आए हैं। पार्टी ने गाजियाबाद के लोनी विधान सभा क्षेत्र से डॉ. मेहताब, हापुड़ के गढ़ मुक्तेश्वर से फुरकान चौधरी, हापुड़ के धौलाना से हाजी आरिफ को प्रत्याशी घोषित किया है।

इसके अलावा, मेरठ के सिवाल खास से रिफत खान, सरधना से जीशान आलम, किठौर मेरठ से तस्लीम अहमद, सहारनपुर से अमजद अली, बरेली से शाहीन रजा खान और सहारनपुर देहात से मरगूब अली को उम्मीदवार बनाया गया हैं। उत्तर प्रदेश में विधान सभा की कुल 403 सीटें हैं। एआईएमआईएम चीफ ओवैसी ने 100 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है। गाजियाबाद में भी ओवैसी कई बार भ्रमण कर पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश पैदा कर चुके हैं।