कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में हिंदुओं की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। बेखौफ आतंकियों ने कश्मीरी पंडित एवं सरकारी अफसर राहुल भट्ट के बाद महिला शिक्षक रजनी बाला की गोली मारकर हत्या कर दी है। इस वारदात के बाद घाटी में हिंदू समुदाय में एकाएक उबाल आ गया है। वारदात के विरोध में यातायात जाम कर हंगामा किया गया। प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा की गारंटी देने की मांग की। घाटी में कश्मीरी पंडितों को आतंकी निरंतर निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला सोमवार की सुबह सामने आया। जब आतंकियों ने महिला शिक्षक रजनी बाला की गोली मारकर हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देकर हमलावर आसानी से फरार हो गए। कुलगाम क्षेत्र में यह वारदात सामने आई है। कुलगाम के गोपालपोरा हाईस्कूल में रजनपी बाला शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। आतंकियों ने स्कूल में घुसकर इस घटना को अंजाम दिया। रजनी प्रतिदिन 10 किमी दूर से स्कूल में बच्चों को पढ़ाने आती थीं। वह जम्मू के सांबा जनपद के बद्री की रहने वाली थी, मगर नौकरी के कारण कुलगाम में रह रही थीं। रजनी बाला के पति भी कुलगाम में शिक्षक हैं। 2009 से रजनी गोपालपोरा के हाईस्कूल में तैनात थीं।
उधर, शिक्षिका रजनी की हत्या के विरोध में सोमवार को विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने यातायात जाम कर हत्यारोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। इसके अलावा घाटी में हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की पुरजोर अपील की गई। घाटी में कश्मीरी हिंदू खुद की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि उन्हें सुरक्षा नहीं दी जाती तो घाटी से कहीं और शिफ्ट कर दिया जााए। बता दें कि कुछ दिन पहले आतंकियों ने कश्मीरी पंडित राहुल भट्ट की गोली मारकर हत्या कर दी थी। राहुल सरकारी विभाग में बाबू थे।
















