खिलाडिय़ों के सपने जल्द होंगे पूरे, निगम ने तैयार किया खेल मैदान

  • करहेड़ा, काजीपुरा, मोरटा खेल मैदान का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

गाजियाबाद। जिले के करहेड़ा, काजीपुरा, मोरटा क्षेत्र के खिलाडिय़ों के सपनों को अब पंख लगने की आशा बलवान होती दिखाई दे रही है। खिलाडिय़ों को अब खेल मैदानों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। खेल के प्रति नगर निगम करहेड़ा, काजीपुरा, मोरटा में खेल मैदान बना रहा है। जिसका कार्य बहुत तेजी से हो रहा है। खिलाडिय़ों को खेल के कहीं भटकना न पड़े, इस पर मेयर आशा शर्मा व नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर विशेष ध्यान दे रहे है। जिसकी समय-समय पर नगर आयुक्त खुद समीक्षा भी कर रहे है।

प्रथम चरण में नगर निगम द्वारा करहेड़ा गांव काजीपुरा गांव तथा मोरटा गांव में खेल के मैदान को विकसित तथा बनाने में कार्यवाही चल रही है। जिसका शुक्रवार को नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने काजीपुरा में बनाई जा रही खेल के मैदान का जायजा लिया। नगर आयुक्त ने बताया शहर के खिलाडिय़ों के लिए कई स्थानों पर खेल के मैदान बनाए जाने है। प्रथम चरण मेंं वार्ड संख्या-24, वार्ड संख्या-45, वार्ड संख्या-16 में खेल के मैदानों को बनाया जा रहा है।

वार्ड संख्या-24 काजीपुरा गांव, वार्ड संख्या-45 करहेड़ा गांव में खेल के मैदान लगभग पूर्ण रूप से बन चुके हैं। जिनका लोकार्पण कर जल्द ही जनता को सुपुर्द किए जाएंगे। अन्य स्थान चिन्हित कर खेल के मैदान खिलाडिय़ों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए बनाए जाएंगे। गांव मकनपुर, सदरपुर, डूंडाहेड़ा में संभावित आगामी योजना बनाते हुए खेल के मैदान बनाए जाएंगे।

काजीपुरा स्थित खेल मैदान का क्षेत्रफल लगभग 5700 वर्ग मीटर ,करहेड़ा स्थित खेल मैदान का क्षेत्रफल लगभग 12000 वर्ग मीटर, मोरटा स्थित खेल का क्षेत्रफल लगभग 8400 वर्ग मीटर है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी को दिनांक निश्चित कर खेल के मैदानों का लोकार्पण करने के लिए निर्देशित किया गया। काजीपुरा स्थित खेल मैदान के निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या-24 के पार्षद आनंद चौधरी भी मौके पर उपस्थित रहें।