- देश की मिट्टी को बढ़ावा देने के लिए लोगों को 15 दिन में ऋण स्वीकृति कराने के निर्देश
गाजियाबाद। देश की मिट्टी को होंठो तक ले जाने का कार्य मिट्टी से कुल्हड़, घड़ा सहित अन्य उत्पाद बनाने वाले कामगार करते हैं। इससे देशप्रेम की भावना को बढ़ावा मिलता है। इसलिए मिट्टी के बर्तन का इस्तेमाल ज्यादा से ज्यादा करना चाहिए, इससे पर्यावरण संरक्षण भी होता है और लोगों की सेहत अच्छी रहती है। यह बातें मंगलवार को कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में जागरुकता कार्यक्रम एवं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश गोला प्रजापति ने कहीं। उन्होंने कहा कामगारों को मिट्टी के बर्तन बनाने में परेशानी न हो, इसके लिए विद्युत चलित चाक का निशुल्क वितरण कराया जा रहा है एवं मिट्टी की व्यवस्था की जा रही है। कामगारों को कोई दिक्कत न आए, इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने माटीकला को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों पर जोर देते हुए कहा कि चाइनीज दीयों को बाजार से बाहर करना ही बोर्ड का लक्ष्य है।
अध्यक्ष ओमप्रकाश गोला प्रजापति ने कह प्रजापति समाज ही ऐसा है, जो आज भी दुनिया में मिट्टी के बर्तनों की संस्कृति को जिंदा रखे हुए हैं। आज दुनिया प्लालिस्ट पर निर्भर है, लेकिन हमारा प्रयास है कि लोग वापस मिट्टी के बर्तनों की ओर जागरूक हों। इसके लिए सरकारी कार्यक्रमों व बैठकों में मिट्टी के बर्तनों के इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है। कुम्हारों को बेहतर मिट्टी मिलने की समस्या पर अध्यक्ष ने कहा कि गांवों में तो मिट्टी की उपलब्धता है, लेकिन शहरी क्षेत्र में मिट्टी की समस्या सबसे अधिक है इसलिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के बीच कामगारों को मिट्टी उठान के पट्टे आंवटित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ सरकारी ही नहीं हर आमजन इसके प्रति जागरूक हो। उन्होंने कहा कि समय बदला तो बाजारों पर चाइनीज उत्पादो का कब्जा हो गया। यहां तक की दीवाली जैसे त्यौहारों पर भी चाइनीज दीये बिकते हैं, लेकिन सरकार प्रजापति समाज को बढ़ावा देकर अधिक से अधिक संख्या में मिट्टी के दीये हर साल तैयार कराती है, जिससे चाइनीज उत्पादों की बिक्री देश में समाप्त हो जाए। समीक्षा में अध्यक्ष ने माटीकला से संबंधित जनपद में ऋण वितरण के लंबित प्रार्थना पत्र पर उन्हें 15 दिन के भीतर ऋण स्वीकृति प्रदान कराने के निर्देश एलडीएम को दिए।
बैठक के उपंरात बोर्ड अध्यक्ष ने 14 लोगों को नि:शुल्क विद्युत चलित चाक वितरण कार्यक्रम के तहत चाक वितरण किए। साथ ही तालाबों से मिट्टी उठान के लिए नए 6 लोगों को पट्टे भी दिए। समीक्षा बैठक में लाभार्थियों ने मिट्टी की कमी की समस्या भी अध्यक्ष के समक्ष रखी, जिस पर उन्होंने जल्द ही इस समस्या का निस्तारण करने का आश्वासन दिया। बैठक का संचालन जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संजय श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु सुहास, परियोजना निदेशक डीआरडीए पीएन दिक्षित, सहायक आयुक्त उद्योग संदीप कुमार सहित विद्युत, सिंचाई एवं जल विभाग से जुड़े अधिकारीगण उपस्थित रहे।
















