बेरहम आशिक, प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए डीजल डालकर लगा दी आग

-हत्या के दो साल बाद 20 हजार इनामी प्रेमी गिरफ्तार

गाजियाबाद। दो साल से हत्या मामले में फरार चल रहे 20 हजार इनामी हत्यारोपी प्रेमी को एसपीआरए की क्राइम ब्रांच व लोनी बोर्डर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी ने महिला प्रेमी से पीछा छुड़ाने के लिए डीजल डालकर आग लगा दी थी। जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
लोनी थाने में घटना का खुलासा करते हुए एसपी ग्रामीण डॉ ईरज राजा ने सीओ लोनी रजनीश कुमार उपाध्याय की मौजूदगी में बताया कि एसएचओ योगेन्द्र सिंह पंवार, एसआई अमरपाल सिंह की संयुक्त टीम ने सोमवार शाम को मुखबिर की सूचना पर लोनी बस डिपो दिल्ली सहारनपुर रोड़ से 20 हजार इनामी धनराज उर्फ मोनू पुत्र प्रहलाद शर्मा निवासी किशनपुर विरनाल बागपत को गिरफ्तार किया गया।

महामाया कुंज में मृतिका सीमा अपने भाई अजय व छोटे बेटे के साथ किराए के मकान में रहती थी। गत 20 जुलाई 2019 को सीमा के ऊपर धनराज उर्फ मोनू ने डीजल डालकर आग लगाकर हत्या कर दी थी। उक्त मामले में सीमा के भाई अजय पुत्र रतनलाल ने लोनी बोर्डर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। तभी से आरोपित फरार चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए 20 हजार रुपए इनाम घोषित किया था।

सीओ लोनी रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया महामाया कुंज में किराए के मकान में रह रही सीमा हर्ष विहार दिल्ली की एक कंपनी में काम करती थी। उसी कंपनी में आरोपी धनराज उर्फ मोनू भी काम करता था। दोनो एक ही कंपनी में काम करते समय आपस में बातचीत शुरु हो गई। जिसके बाद धनराज का उसी किराए के मकान में आना जाना शुरु हो गया। रात होने पर कभी-कभी धनराज सीमा के पास रुक जाता था। इस बीच दोनों में अवैध संबध हो गए। फिर सीमा धनराज पर शादी का दबाव बनाने लगी थी। 17 जुलाई 2019 की रात करीब दो बजे दोनो ंमें शादी को लेकर झगड़ा हो गया। जहां दोनो में मारपीट शुरु हो गई। धनराज ने सीमा के ऊपर डीजल डालकर आग लगाकर हत्या कर दी। घटना के बाद वह वहां से फरार हो गया। पुलिस से बचने के लिए जगह बदल-बदल कर रहा था। सोमवार शाम भी अपने गांव जाने के लिए लोनी बस डिपो दिल्ली सहारानपुर रोड़ खड़ा होकर बस का इंतजार कर रहा था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया।