महाराष्ट्र में सियासी संकट के बीच करोड़ों का भूमि घोटाला उछला
नई दिल्ली। शिवसेना के बड़बोले सांसद एवं प्रवक्ता संजय राउत पर अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का शिकंजा कसने जा रहा है। एक हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के घोटाले में ईडी ने सांसद राउत को समन भेजा है। पूछताछ के लिए उन्हें मंगलवार को बुलाया गया है। मुंबई में पात्रा चाल के चर्चित भू-घोटाले के सिलसिले में ईडी ने यह कार्रवाई की है। इस प्रकरण में पूर्व में राउत की पत्नी की 2 करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त की जा चुकी है। महाराष्ट्र में जारी सियासी संकट के बीच शिवसेना सांसद को ईडी द्वारा तलब किए जाने से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गरमा गया है।
महाराष्ट्र में इन दिनों सियासी संकट चरम पर चल रहा है। शिवसेना को अपने सबसे खराब दौर से गुजरना पड़ रहा है। विधायक एकनाथ शिंदे द्वारा बगावत कर दिए जाने से शिवसेना टूट की कगार पर पहुंच चुकी है। शिंदे के समर्थन में शिवसेना के 38 विधायक खुलकर सामने आ गए हैं। वर्तमान स्थिति में महाराष्ट्र सरकार अल्पत में आ चुकी है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे इस्तीफा देने को तैयार नहीं हैं। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में सभी बागी विधायक गुवाहाटी में डटे हुए हैं। इस बीच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शिवसेना सांसद संजय राउत को समन भेजा है। उन्हें मंगलवार को पूछताछ के लिए तलब किया गया है। जमीन घोटाले के मामले में ईडी ने राउत को समन भेजा है।
मुंबई के गोरेगांव क्षेत्र में पात्रा चाल के भूमि घोटाला मामले में राउत पर करीब 1034 करोड़ रुपये के वारे-न्यारे करने का आरोप है। यह भी आरोप है कि इसी रकम से राउत ने मुंबई के दादर क्षेत्र में फ्लैट खरीदा था। राउत के सहयोगी प्रवीन राउत की 9 करोड़ रुपए और संजय राउत की पत्नी वर्षा की 2 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त हो चुकी है। यह भूमि महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवेलपमेंट अथॉरिटी की है। जिसे खुर्द-बुर्द कर दिया गया। उधर, ईडी द्वारा समन भेजे जाने पर शिसेवना सांसद संजय राउत की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। राउत ने ट्वीट कर खुद को बाला साहेब का शिवसैनिक बताया है।
राउत ने ट्वीट कर कहा कि अभी अभी पता चला है कि ईडी ने मुझे समन किया है। अच्छा! महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव। हम बाला साहेब के शिवसैनिक बड़ी जंग लड़ रहे हैं। यह मुझे रोकने की साजिश है। आप मेरा सिर भी काट देंगे तब भी मैं गुवाहाटी नहीं जाउंगा। गिरफ्तार करो मुझे! बता दें कि मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में पहले से महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नवाब मलिक और पूर्व मंत्री अनिल देशमुख हिरासत में हैं और अब संजय राउत को भी समन किया गया है।
















