रोटरी क्लब इंदिरापुरम ने कौशांबी पार्क में रोपित किए पौधे, प्लास्टिक के खिलाफ उठाई आवाज

-पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक को कहें ना: शिव कुमार गुप्ता

गाजियाबाद। रोटरी क्लब इंदिरापुरम द्वारा रविवार को वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजन किया गया। जिसके अंतर्गत कौशांबी पार्क में लगभग 100 से ज्यादा फलदार एवं छायादार पौधों को लगाया गया। अध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता ने आज देश के प्रधानमंत्री देश को प्रदूषण से बचाने के लिए और पर्यावरण की रक्षा करने के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक पूर्ण रुप से प्रतिबंध जरुरी है। उन्होंने कहा पर्यावरण संरक्षण के लिए जरूरी है कि हम प्लास्टिक का उपयोग कम से कम करें और बारिश की शुरुआत के साथ ही ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने का काम करें। इसके साथ ही भविष्य के पेयजल संकट से निपटने के लिए आज से ही पानी की बचत और संरक्षण करना जरूरी है।

हमें चाहिए कि हम दैनिक उपयोग में पानी की मात्रा कम करें। आरओ से निकलने वाले पानी को नालियों में न बहाते हुए उसे घर में पौंछा लगाने और कपड़े धोने के काम में लें। वाटर हार्वेस्टिंग के प्रयास भी हमें अपने स्तर पर करना चाहिए ताकि बारिश के पानी को जमीन में उतारा जा सके। सचिव दीपक गोयल ने कहा युवा पीढ़ी बहुत बड़ी संख्या में हमारे साथ जुड़ रही है। हम उनकी व्यावसायिक उपयोगिता को बढ़ाने के साथ उन्हें संस्कारित कर समाज के लिए काम करने को प्रेरित करेंगे। इसका लाभ भी माहेश्वरी समाज के साथ सर्वसमाज को मिलेगा।

समाजसेवी प्रदीप गुप्ता ने कहा पृथ्वी पर प्लास्टिक एक ऐसी वस्तु है जो हर प्रकार के प्रदूषण का कारण बनी हुई है। भूमि, नदी, नाले, समुद्र यहां तक की जमीन के नीचे तक इसके छोटे टुकड़े पहुंच चुके हैं। यह खत्म नहीं होती। इसे जलाने पर वायु प्रदूषण अलग से होता है। आमजन प्लास्टिक का प्रयोग करने से बचें और इस बारे अन्य लोगों को भी जागरूक करें। क्षेत्रीय पार्षद मनोज गोयल ने कहा समाज के बच्चे अच्छी और उच्च शिक्षा ग्रहण करें, इसके लिए उन्हें परिवारजन के साथ-साथ समाज भी प्रेरित करेगा। पर्यावरण के स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने के लिए वन विभाग की जितनी जिम्मेदारी है उससे कई अधिक आमजन की भी है। इस मौके पर रोटरी क्लब के सचिव दीपक गोयल, कोषाध्यक्ष वीके वर्मा समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।