-संभव में प्राप्त हुए 25 संदर्भ, 15 मांग तथा 10 शिकायत
गाजियाबाद। शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करना है। समाधान नहीं हो तो भी इसके लिए परिवादी को संतुष्ट करें। आमजन को राहत कैसे मिले, इसके लिए उसके साथ अच्छा व्यवहार कर शिकायत समाधान करवाएं। यह बातें मंगलवार को नगर निगम सभागार में आयोजित संभव जनसुनवाई कार्यक्रम में फरियादियों की समस्या सुनते हुए नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कही। इससे पूर्व उन्होंने पूर्व की शिकायतों के समाधान की अपडेट ली। उसके बाद संभव जनसुनवाई में शहरवासियों की समस्या को सुना गया।

मंगलवार को मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने निगम अधिकारियों की मौजूदगी में पार्षद एवं जनता की समस्या को सुनकर संबधित अधिकारियों को निस्तारण करने के निर्देश दिए। विशेष जन सुनवाई संभव के अंतर्गत अधिकांश शिकायतें जलकल विभाग के संबंध में प्राप्त हुई। जिनकी संख्या 4 है, लाइट विभाग की 2 शिकायतें प्राप्त हुई अतिक्रमण संबंधित 4 शिकायतें प्राप्त हुई तथा अन्य मांग के संदर्भ प्राप्त हुए। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। साथ ही तत्काल कार्यवाही कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ-साथ शिकायतकर्ता को भी अवगत कराने के लिए भी निर्देशित किया।

संभव के अंतर्गत जन सुनवाई के क्रम में संबंधित अधिकारियों से फोन पर संपर्क साधते हुए निर्देश भी दिए गए और तत्काल कार्यवाही कराई गई। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉक्टर संजीव सिन्हा, डॉ अनुज कुमार सिंह उद्यान प्रभारी, मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी संभव जन सुनवाई के दौरान उपस्थित रहे। वार्ड संख्या 49 से वीरेंद्र त्यागी, वार्ड संख्या 72 से पार्षद मनोज गोयल, मोहन नगर जोन से पवन रेड्डी, वार्ड 75 के पार्षद अनिल राणा, आशुतोष शर्मा, तथा बलवंत तथा सिटी जोन वार्ड 17 देवेंद्र भारती व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
















