गाजियाबाद। पुराना गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पाई हैं। इससे गाजियाबाद की छवि को भी नुकसान पहुंच रहा है। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव इन्द्रजीत सिंह (टीटू) ने इस संबंध में रेल मंत्री को पत्र भेजकर आवश्यक कदम उठाने की अपील की गई है। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को भेजे गए पत्र में लिखा गया है कि गाजियाबाद को जिला बने 46 साल हो गए हैं। इसके बाद भी गाजियाबाद रेलवे स्टेशन की वह तरक्की और सभी सुविधाएं नहीं नजर आ रहीं हैं, जो मौजूदा समय में होनी चाहिए। 14 नवंबर 1976 को गाजियाबाद जिला बन गया था, मगर स्टेशन पर आज भी सुविधाओं के हिसाब से हम 50 साल पीछे हैं।
उन्होंने बताया गुरुवार की रात प्लेटफार्म नंबर चार पर बुजुर्ग महिला और बुजुर्ग को कुछ लोग उठा कर सीढ़ी ऊपर ले जा रहे थे। यह नजारे आमतौर पर रेलवे स्टेशन पर देखने को मिलते हैं। अफसोस की बात यह है कि यह वह गाजियाबाद है, जहां के मतदाताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हमेशा झोली भर के समर्थन दिया है। मौजूदा समय में सांसद के अलावा पांचों विधायक भाजपा से हैं। इन्द्रजीत सिंह टीटू ने कहा वीके सिंह को मतदाताओं ने दूसरी बार सांसद चुना है। इसके पहले राजनाथ सिंह भी गाजियाबाद से सांसद रह चुके हैं। उनसे पहले रमेश चंद तोमर को जनता ने सांसद चुना था। इसके बाद भी गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। पत्र में गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्म को आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार करने और आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग की गई है।
















