पुलिस ने फरार श्रीकांत त्यागी को भगोड़ा घोषित कर दिया था। बाद में उस पर पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी के बाद नोएडा पुलिस अब आरोपी को गौतमबुद्ध नगर जिला न्यायालय में पेश करने की तैयारी में है। श्रीकांत के 6 साथी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। पुलिस के अलावा नोएडा जिला प्रशासन और तहसील टीम भी अपना कार्य कर रही है। श्रीकांत त्यागी के फ्लैट के बाहर किए गए अतिक्रमण को सोमवार को नोएडा प्राधिकरण की टीम ने ध्वस्त कर दिया था।
नोएडा। हाउसिंग सोसाइटी में महिला से बदसलूकी करने पर बुरे फंसे कथित भाजपा नेता एवं 25 हजार के इनामी श्रीकांत त्यागी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बड़बोले एवं गालीबाज नेता को मेरठ से दबोचा गया है। पिछले 5 दिन से वह पुलिस को छका रहा था। लोकेशन ट्रेस होने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। उधर, श्रीकांत त्यागी की आय और संपत्तियों की भी जांच-पड़ताल शुरू हो गई है। जीएसटी विभाग की टीम ने भंगेल गांव जाकर छानबीन की है। श्रीकांत त्यागी से भाजपा अपना किनारा कर चुकी है। त्यागी पर पुलिस के अलावा कई सरकारी विभागों का शिकंजा कस गया है। ऐसे में निकट भविष्य में उसकी मुश्किल और ज्यादा बढ़ना तय माना जा रहा है। इस बीच श्रीकांत के समर्थन में त्यागी समाज ने आवाज बुलंद की है।
जिला न्यायालय में पेश करेगी पुलिस
समाज का आरोप है कि पुलिस-प्रशासन एकतरफा कार्रवाई कर रहा है। यह कतई उचित नहीं है। नोएडा फेज-2 कोतवाली क्षेत्र की ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में महिला से अभद्रता करने पर श्रीकांत त्यागी बुरी तरह फंस चुका है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। हालाकि इसके पहले पुलिस द्वारा लापरवाही बरती गई। जिसके चलते फेज-2 थाना प्रभारी तक को सस्पेंड कर दिया गया था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि फरार श्रीकांत त्यागी को पुलिस ने मंगलवार को मेरठ से गिरफ्तार किया है। श्रीकांत के साथ 3 और व्यक्तियों को पकड़ा गया है।
पत्नी और वकील के संपर्क में था
पुलिस सूत्रों का कहना है कि नोएडा से फरार होने के बाद श्रीकांत अपनी पत्नी और अधिवक्ता से निरंतर फोन पर बात करने का प्रयास कर रहा था। इसके चलते पुलिस को उस तक पहुंचने में मदद मिली। मेरठ में गिरफ्तारी के बाद त्यागी को नोएडा लाया गया है। सोमवार को श्रीकांत त्यागी की सीसीटीवी फुटेज हरिद्वार में मिलने की सूचना भी मिली थी, मगर जांच में इस संबंध में पुलिस को कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई थी। आरोपी की तलाश में नोएडा से पुलिस टीमें ऋषिकेश तक गई थीं। उधर, मंगलवार की सुबह श्रीकांत त्यागी की पत्नी को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया गया था। बता दें कि 25 हजार के इनामी श्रीकांत त्यागी की तलाश में पुलिस की 18 टीमों ने 30 से अधिक ठिकानों पर दबिश दी थी।
पुलिस ने भगोड़ा घोषित कर दिया
नोएडा पुलिस ने फरार श्रीकांत त्यागी को भगोड़ा घोषित कर दिया था। बाद में उस पर पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी के बाद नोएडा पुलिस अब आरोपी को गौतमबुद्ध नगर जिला न्यायालय में पेश करने की तैयारी में है। श्रीकांत के 6 साथी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। पुलिस के अलावा नोएडा जिला प्रशासन और तहसील टीम भी अपना कार्य कर रही है। श्रीकांत त्यागी के फ्लैट के बाहर किए गए अतिक्रमण को सोमवार को नोएडा प्राधिकरण की टीम ने ध्वस्त कर दिया था।
महिला से अभद्रता एवं मारपीट
श्रीकांत त्यागी से जुड़ा विवाद गत 5 अगस्त का है। उसने नोएडा के सेक्टर-93बी में एक महिला के साथ अभद्रता और मारपीट की थी। इसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की थी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा था कि श्रीकांत बेहद खराब भाषा में महिला के साथ बातचीत कर रहा है। वह लंबे समय तक भाजपा से जुड़ा रहा है। भाजपा के कई कद्दावर नेताओं के साथ श्रीकांत त्यागी के फोटो सामने आए हैं। हालांकि भाजपा नेता अब उससे किनारा कर रहे हैं।
















