75वें आजादी के अमृत महोत्सव: निगम ने देश भक्ति नारों के साथ तिरंगा प्रभात रैली निकाली

-मेयर, नगर आयुक्त एवं निगम अधिकारियों ने यात्रा में लहराए तिरंगा

गाजियाबाद। मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह के नेतृत्व में 75वें आजादी के अमृत महोत्सव के तत्वावधान में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत गुरुवार को नगर निगम मुख्य कार्यालय से शहीदी स्थल नवयुग मार्केट तक पैदल तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिसमें सभी निगम अधिकारियों, पार्षदगणों के साथ-साथ कर्मचारियों ने भी हिस्सा लिया और प्रभात फेरी शुरू की। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि शहर में आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर एक उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है। सभी जोनल प्रभारी भी अपने-अपने क्षेत्र में तिरंगा वितरण का कार्य बेहतर कर रहे हैं और जनप्रतिनिधियों के विशेष सहयोग से हर घर पर तिरंगा लगाया जा रहा है।

नगर निगम से प्रभातफेरी का शुभारंभ किया गया। इसमें देश भक्ति नारे लगाए गए, प्रभात फेरी में शहर के कई गणमान्य नागरिकों ने भी हिस्सा लिया। जिन्होंने नगर निगम के साथ कदम से कदम मिलाते हुए प्रभात फेरी शुरू की। सभी ने तिरंगा लहराए और शहर में देश के प्रति भाव को जागरूक किया। इसी प्रकार 17 अगस्त तक लगातार कार्यक्रम हर घर तिरंगा के क्रम में जारी रहेगा और नगर निगम सीमा अंतर्गत 75वें आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए सभी निगम पार्षदगणो, अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मेयर आशा शर्मा ने उपस्थित जनों को देशभक्ति के इस अद्भुत माहौल के लिए शुभकामनाएं दी और सभी से अपील भी की कि नगर निगम द्वारा 75वें आजादी के अमृत महोत्सव में हर घर तिरंगा अभियान मनाये जा रहे कार्यक्रमों में हिस्सा लिया जाए। ताकि आने वाली पीढ़ी को भी राष्ट्रीय पर्व की विशेषताओं के बारे में जानकारी हो और वह भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लें।

नगर निगम द्वारा आयोजित प्रभात फेरी नगर निगम मुख्यालय नवयुग मार्केट से प्रारंभ हुई तथा हाथों में झंडे लहराते हुए देशभक्ति नारों को लगाते हुए शहीद स्थल तक पहुंच कर शहीदों को माल्यार्पण किया।नगर निगम के स्कूलों में भी स्वतंत्रता संग्राम पर पेंटिंग कंपटीशन का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों ने हिस्सा लेकर देश के प्रति भावनाओं को जागरूक किया।

नगर निगम मुख्यालय को तिरंगे की लाइट से सजाया गया है। जो की बहुत ही रात्रि में मनमोहक लगता है। इसके अलावा शहर के मुख्य चौराहों पर भी तिरंगे की लाइट लगाई गई है। प्रभात फेरी में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश, मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा तथा जोनल प्रभारियों ने भी प्रभात फेरी में हिस्सा लिया। इसके अलावा नगर निगम यूनियन के पदाधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। मुख्य रूप से एथलेटिक्स चैंपियन रूपल चौधरी भी उपस्थित रही।