गाजियाबाद। ऑटो व ई-रिक्शा में यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने में माहिर शातिर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। गैंग लीडर के अलावा 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह के सदस्य दिल्ली-एनसीआर में ऑटो व ई-रिक्शा में सवार होकर यात्रियों के सामान को उड़ा देते थे। यह गैंग किराए पर ऑटो लेकर भी लूटपाट की वारदात करता रहा है। पुलिस ने 12 घटनाओं का खुलासा कर कई लाख की नकदी, नशे की गोलियां व चाकू बरामद किया है। गिरोह के सदस्यों का वारदात करने का तरीका काफी अलग था। थाना साहिबाबाद पुलिस ने इस गिरोह को दबोचा है।
एसपी (सिटी) द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि 3 अगस्त को मोहन नगर क्षेत्र में ऑटो से विकास शर्मा की मां के आभूषण चोरी हो गए थे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की। मुखबिर तंत्र व सर्विलांस की मदद से पुलिस को कामयाबी मिल गई। पुलिस ने राजीव कॉलोनी से सुनार और 7 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने पर आरोपियों की पहचान लोनी निवासी साजिद, आरिफ उर्फ बहादुर व आस मोहम्मद, बड़ौत बागपत निवासी अल्ताफ, रईस, राहुल वर्मा व इरफान और आजमगढ़ निवासी प्रवीन कुमार के रूप में हुई। गिरोह का सरगना साजिद है। यह गिरोह ऑटो व ई-रिक्शा में सवार यात्रियों को निशाना बनाता था।
ऑटो में सिर्फ एक सवारी की जगह छोड़कर अन्य सीट पर गिरोह के सदस्य बैठ जाते थे। बैग, अटैची आदि सामान लेकर चलने वाली अकेली महिला और वृद्धों पर गिरोह के सदस्य नजर रखते थे। उन्हें ऑटो में बैठा लिया जाता था। रास्ते में सामान पर हाथ साफ कर दिया जाता था। विरोध करने पर चाकू से डरा-धमका कर सामान लूट लिया जाता था। सीओ साहिबाबाद स्वतंत्र सिंह ने बताया कि गैंग लीडर साजिद पिछले 14 साल से दिल्ली-एनसीआर में इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। गिरोह ने अब तक 200 वारदातों को अंजाम दिया है।
साजिद वर्ष-2009 में साहिबाबाद, 2011 में कोतवाली नगर और 2013 में सिहानी गेट थाना से जेल जा चुका है। साजिद के खिलाफ गाजियाबाद और मेरठ में 12 मुकदमे दर्ज हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सरगना साजिद व अन्य 6 सदस्य 8वीं पास हैं। सुनार राहुल वर्मा बीसीए पास है। साजिद ने गिरोह के सभी सदस्यों का अलग-अलग जिम्मेदारी सौंप रखी थी। अल्ताफ और प्रवीन ऑटो चालक बनते थे।
बाकी सदस्य सवारी बनकर ऑटो में सवार हो जाते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वह जेवरात को राहुल वर्मा की मेन बाजार बागपत स्थित श्री ज्वैलर्स नामक दुकान पर बेच देते थे। लूटपाट में चोरी के ऑटो का इस्तेमाल होता था। आरोपियों के पास से पुलिस ने 1.30 लाख रुपए, चोरी के 2 ऑटो, 5 चाकू, 220 ग्राम नशीला पाउडर बरामद किया है।















