- जिला कार्यकारिणी का गठन, नवीन कुमार बने जिला संगठन मंत्री
गाजियाबाद। अम्बेडकर रोड़ स्थित सेठ मुकंद लाल इंटर कॉलेज विद्यालय के सभागार में ऑल टीचर्स एम्पाईज वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) जिला कार्यकारिणी द्वारा एनपीएस एवं निजी करण वापस जाओ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम अटेवा जिला कार्यकारिणी के सदस्यों ने सेठ मुकंद लाल कॉलेज के प्रधानाचार्य कर्मवीर सिंह को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। सभा के अंतर्गत सर्वसम्मति से गाजियाबाद की जिला कार्यकारिणी में नवीन कुमार को जिला संगठन मंत्री (माध्यमिक) मनोनीत किया गया।

नवीन कुमार ने संगठन को मजबूत करने और पुरानी पेंशन बहाली के लिए तन मन धन से समर्पित होने का आश्वासन दिया। नवीन कुमार सेवानिवृत खंड शिक्षा अधिकारी अतर सिंह भार्गव के सुपुत्र हैं। जिला कार्यकारिणी के उपस्थित सदस्यों ने एनपीएस, निजीकरण पर विस्तृत चर्चा की। डीपी सिंह ने कहा एनपीएस राष्ट्र के लिए हितकारी नहीं है एवं सरकारी कर्मचारियों के लिए एक कोढ़ के समान बीमारी है।

जिलामंत्री संतोष पाल ने अटेवा के संघर्ष को जीतने का मूल मंत्र बताया कि प्रत्येक एनपीएस कर्मी को अटेवा के एक जुझारू सिपाही के रूप में कार्य करना होगा। चर्चा के दौरान जिलाध्यक्ष मनीष कुमार शर्मा ने बताया कि कैसे एनपीएस राष्ट्र और कर्मचारियों के लिए हानिकारक है। अटेवा पेंशन बचाओ मंच उत्तर प्रदेश कई वर्षों से पुरानी पेंशन बहाली के लिए संघर्ष कर रहा है और धरना प्रदर्शन रैली और पदयात्रा के माध्यम से अपनी मांग को उठा रहा है।

जहां एनपीएस से शिक्षकों कर्मचारियों का भविष्य खराब हो रहा है, वहीं निजीकरण से वर्तमान चौपट हो रहा है। इसीलिए सभी को एकजुट होकर लड़ाई लडऩी होगी। 1अप्रैल 2005 उत्तर प्रदेश में नई पेंशन व्यवस्था के काले कानून को लागू किया गया। जिससे आज प्रदेश का करीब 17 लाख से अधिक शिक्षक एवं कर्मचारी झेल रहा है। पेंशन के नाम पर शिक्षक एवं कर्मचारियों को गुमराह करने का काम किया गया है।

पुरानी पेंशन बहाली को लेकर प्रदेश का शिक्षक एवं कर्मचारी आक्रोशित है। सीमा भड़ाना संगठन मंत्री (बेसिक) ने सभी मात्र शक्तियों से आवाहन किया की अटेवा के पेंशन रूपी महायज्ञ में अपना बहुमूल्य योगदान दें। एनपीएस/निजीकरण संवाद के दौरान राम शेष वर्मा (उपाध्यक्ष माध्यमिक), एसपी सिंह जिला संगठन मंत्री (माध्यमिक), राजकिशोर मिश्रा (प्रमुख सलाहकार अटेवा गाजियाबाद), मोहम्मद अब्बास (जिला प्रवक्ता), पारस गोस्वामी (अटेवा ब्लॉक अध्यक्ष लोनी) एवं अंजना यादव, राजेंद्र, पीयूष त्यागी, सतेंद्र गिल,अरुण, निशांत त्यागी, स्वाति आदि स्टॉफ उपस्थित रहें।

















