इंवेस्टर्स समिट के नोडल अधिकारी बने सीपी त्रिपाठी

ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में जीडीए का 8173 करोड़ का निवेश

गाजियाबाद। लखनऊ में आयोजित होने वाली आगामी 10 से 12 फरवरी तक ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट-2023 में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) का करीब 8173 करोड़ रुपए का निवेश होगा। इनमें बिल्डरों की गु्रप हाउसिंग से लेकर जीडीए की कुछ अन्य योजनाओं को मिलाकर 25 प्रोजेक्ट है। वहीं, जिलाधिकारी एवं जीडीए उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने जीडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी को इंवेस्टर्स समिट का नोडल अधिकारी बनाया है। इनकी देखरेख में लखनऊ में होने वाली समिट में जीडीए की ओर से निवेशकों की ओर से दिए गए प्रस्तावों को रखा जाएगा।

जीडीए में बिल्डरों द्वारा समिट किए गए इन प्रस्तावों में होटल,मल्टीप्लेक्स,कॉमर्शियल बिल्डिंग, स्कूल, हॉस्पिटल, नर्सिंग होम,गु्रप हाउसिंग, औद्योगिक इकाई आदि शामिल हैं।इनमें गु्रप हाउसिंग के करीब 970 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट शामिल हैं। कुल मिलाकर करीब 8173 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट संबंधी प्रस्ताव जीडीए को मिल चुके हैं। लखनऊ में आयोजित होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट-2023 में निवेशकों के प्रोजेक्ट शामिल होंगे। जीडीए के अपर सचिव एवं नोडल अधिकारी सीपी त्रिपाठी ने बताया कि जीडीए में बिल्डरों से लेकर अन्य निवेशकों द्वारा अपने-अपने प्रस्ताव बनाकर दे दिए गए है।करीब 8173 करोड़ रुपए का निवेश संबंधी प्रस्ताव शामिल किए जा चुके हैं।

लखनऊ में होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में इन प्रोजेक्ट के प्रस्ताव को शामिल किया जाएगा। जीडीए के अपर सचिव ने बताया कि निवेशकों के इन प्रोजेक्ट में नक्शा स्वीकृति से लेकर अन्य सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए जीडीए की ओर से निवेशकों का सहयोग किया जाएगा। ताकि शहर में आने वाले सालों में यह सभी योजनाएं धरातल पर साकार हो सकें। ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट को लेकर जीडीए की ओर से सभी तैयारी पूरी की जा रही हैं।इसके संबंध में अपर सचिव ने टाउन प्लानर एवं निवेशकों के साथ जीडीए सभागार में बैठक कर तैयारियों को पूरी करने के निर्देश दिए। ताकि लखनऊ में आयोजित होने वाली तीन दिवसीय समिट में रखे जाने वाले प्रस्तावों की पूरी प्रक्रिया पूरी कर इन्हें शामिल किया जा सकें।