गाजियाबाद। एलिवेटेड रोड़ पर हुड़दंगियों के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई के बाद भी लोग अपनी हरकतों से बाज नही आ रहे हैं। एलिवेटेड रोड़ पर फिर हुड़दंग मचाने के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ युवकों ने रोड पर फॉर्च्यूनर कार खड़ी करके शराब पी और उसके बाद गले में बंदूक डालकर डांस किया। वीडियो रात के समय का है, जिसमें 6 युवक रोड पर कार के पीछे खड़े हैं। इसमें 2 युवकों के हाथ में शराब से भरे गिलास है और दो के हाथ में लाइसेंसी बंदूक है।
बाकी के दो युवक वीडियो बना रहे हैं। पहली नजर में ये दोनों बंदूकधारी प्राइवेट सुरक्षाकर्मी दिखाई दे रहे हैं। इन्हीं युवकों ने एलिवेटेड रोड पर एक और वीडियो बनाया। इसमें फॉर्च्यूनर चलाने वाला शख्स बंदूक की नाल को शीशा खोलकर बाहर की तरफ दिखा रहा है। ऐसा लग रहा है, जैसे वो बंदूक से किसी को धमकाने की कोशिश कर रहा हो।
ट्रैफिक पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो में फॉर्च्यूनर कार राजा चौधरी की है। जो कविनगर थाना क्षेत्र में चिरंजीव विहार का निवासी है। राजा चौधरी व उसके साथियों पर थाना इंदिरापुरम में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
















