शौचालय की दुदर्शा देख बिफर गये म्युनिसिपल कमिश्नर, दिया सौंदर्यीकरण का आदेश

– जन चौपाल के बाद म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने किया शौचालय का निरीक्षण
– सोमवार को मोहनगर और मंगलवार को सिटी जोन में हुआ जन चौपाल का आयोजन

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। औचक निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक शौचालय की दुदर्शा देखकर म्युनिसिपल कमिश्नर क्रोधित हो गये। म्युनिसिपल कमिश्नर ने निगम अधिकारियों को शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ-साथ उसके सौंदर्यीकरण का भी निर्देश दिया। जन चौपाल में आई शिकायतों के निस्तारण को लेकर अधिकारियों को तत्काल प्राथमिकता के आधार पर उसे दुरूस्त करने का निर्देश दिया गया।

मंगलवार को सिटी जोन के साई उपवन में जन चौपाल का आयोजन किया गया। यहां पर चार वार्डों के लोगों ने आकर अपनी समस्याएं रखी। जन चौपाल में पार्षदों एवं आरडब्ल्यू के अलावा आम लोग भी शामिल हुए। यहां पर सबसे अधिक शिकायतें सफाई व्यवस्था को लेकर थी। कैला भठ्ठा के साथ इस्लाम नगर में साफ सफाई का मुदद्दा छाया रहा। इसके अलावा क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट और पेयजल की समस्या भी लोगों ने अधिकारियों के समक्ष रखी। मेयर आशा शर्मा ने कहा कि त्यौहारी सीजन होने के कारण क्षेत्र में साफ सफाई की व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए। इसके लिए सफाई निरीक्षकों और पार्षदों को तालमेल बनाना चाहिए। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने अधिकारियों से कहा कि वह जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें। जन चौपाल के बाद म्युनिसिपल कमिश्नर साईं उपवन में बने सार्वजनिक शौचालय का औचक निरीक्षण करने पहुंच गये। यहां शौचालय के दरवाजे के साथ रिटेन दीवार टूटी हुई थी और सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं था। इसके सौदर्यीकरण का आदेश नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग को दिया। म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा कि शहर के सभी सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्थाएं दुरूस्त रहे। इसका ध्यान रखा जाये।
एक दिन पूर्व सोमवार को मोननगर जोन में आयोजित जन चौपाल में चार वार्ड के पार्षद और जन प्रतिनिधि शामिल हुए थे। सहयोग पार्क राजेंद्र नगर सेक्टर 2 में हुए जन चौपाल में वार्ड नंबर 80, 63, 66 और 86 के पार्षद, आरडब्लूए प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए। म्युनिसिपल कमिश्नर ने लोगों की बातों को सुना और स्वच्छ गाजियाबाद के लिए योगदान देने की अपील की। जन चौपाल कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त आरएन पांडे, एसबीएम के नोडल अधिकारी एके मिश्रा, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, जोनल प्रभारी शिव कुमार गौतम, जोनल प्रभारी सुधीर शर्मा, एग्जयूकेटिव इंजीनियर देशराज सिंह, एई अनिल त्यागी, देवी सिंह, जेई संजय कुमार गंगवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।