सफलता : भारतीय सेना ने पाक का ड्रोन मार गिराया

आतंकियों को हथियार भेजने की साजिश नाकाम

कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकवादियों को घातक हथियार भेजने की पाकिस्तान की साजिश को भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया है। सेना ने केरन सेक्टर में पाकिस्तान के ड्रोन को नेस्नाबूद कर दिया। चीन निर्मित यह ड्रोन सीमा के पास मंडरा रहा था। यह वाक्या शनिवार की सुबह करीब 8 बजे का है। जम्मू-कश्मीर में आतंकियों को हथियार भेजने के लिए पाकिस्तान काफी समय से ड्रोन का प्रयोग कर रहा है। पहले से सतर्क भारतीय सेना ने पाक की नापाक कोशिश पर पानी फेर दिया है। जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर में लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) पर भारतीय सेना ने पाक के ड्रोन को मार गिराया है। यह ड्रोन चीनी कंपनी डीजेआई ने बनाया था। ड्रोन यानि क्वॉडकॉप्टर का मॉडल मैपिक 2 प्रो बताया गया है। लाइन ऑफ कंट्रोल पर भारतीय सेना की सतर्कता से परेशान पाक अब सर्विलांस और आतंकियों को हथियार भेजने के लिए अनमैन्ड एरियल वीकल्स का प्रयोग कर रहा है। पाक सीमापार से निरंतर ड्रोन की सहायता से हथियारों को जम्मू-कश्मीर में पहुंचाने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने गत माह अखनून के गांव में असॉल्ट राइफलें और पिस्तौल बरामद की थीं। यह हथियार पाकिस्तानी ड्रोन ने गिराए थे। कुछ दिन पहले एनकाउंटर में ढेर जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों से भी हथियार बरामद किए गए थे। पाक का मकसद कश्मीर में हिंसा कराकर शांति व्यवस्था में खलल डालना है। भारतीय सेना से बार-बार मुंह की खाने के बावजूद वह सुधर नहीं रहा है। जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर में पाक का ड्रोन मार गिराए जाने की घटना के बाद जरूरी पहलुओं की जांच हो रही है। खुफिया सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान की चीन द्वारा हथियारों की सप्लाई की जा रही है। इन हथियारों को जम्मू-कश्मीर में भेजा जाता है। जिसका इस्तेमाल वहां सक्रिय आतंकवादी सेना के खिलाफ करते हैं। कुछ दिन पहले खबर आई थी कि पाकिस्तान 250-300 आतंकियों को घुसपैठ कराने की कोशिश में है।