मुख्तार अंसारी के करीबी के अवैध निर्माण जमींदोज
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भू-माफिया के खिलाफ विशेष अभियान जारी है। इसके तहत जिला गाजीपुर में शनिवार को जिला प्रशासन ने बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के करीबी साजिद सिद्दीकी की अवैध संपत्तियों को जमींदोज कर दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, रेस्टोरेंट एवं शोरूम पर बुलडोजर चलाया गया। इस दरम्यान 90 करोड़ की प्रॉपर्टी को खुर्द-बुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। भू-माफिया के खिलाफ योगी सरकार निरंतर सख्त रूख अपना रही है। असरदार भू-माफिया के कब्जे से सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया जा रहा है। इसी क्रम में अगला नंबर बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के करीबी साजिद सिद्दीकी का आया है। आरोप है कि साजिद ने करीब 90 करोड़ की भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा था। संबंधित भूमि पर मेडिकल कॉलेज, हॉस्पिटल, रेस्टोरेंट एवं ट्रैक्टर शोरूम का निर्माण कराया गया था। जिला प्रशासन ने सबसे पहले साजिद सिद्दीकी के शम्मे हुसैनी आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को ध्वस्त किया। बाद में अन्य संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया गया। इसके पहले प्रशासन ने 14 अक्तूबर तक साजिद को इन संपत्तियों को खुद ध्वस्त करने का नोटिस दिया था। इस कार्रवाई के विरोध में साजिद ने हाईकोर्ट का रूख किया था। हाईकोर्ट ने इस प्रकरण में डीएम के समक्ष अपील करने का निर्देश दिया था। इसी क्रम में साजिद सिद्दीकी की अपील को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने खारिज कर दिया था। अपील खारिज होने के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। सिद्दीकी के कब्जे से लगभग 90 करोड़ की भूमि को मुक्त कराया गया है। ऐसे में एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सूत्रों का कहना है कि साजिद सिद्दीकी बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी का करीबी है। मुख्तार अंसारी इन दिनों जेल में बंद है। बता दें कि सूबे के अलग-अलग जनपदों में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई चल रही है।
















