ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में प्रशासन की आंखों में खनन की मिट्टी की धूल झोंकी जा रही है। मोटा मुनाफा कमाने के चक्कर में कई फिट तक खोदाई कर जमीन खोखली करने काम बेरोकटोक जारी है। आरोप लग रहा है कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में रोनेजा गांव में तेजी से बढ़ रहे इस अवैध धंधे को किसान नेताओं का भी संरक्षण मिल रहा है। खनन माफिया के वाहन खेतों में दौड़ते हैं। कई जगहों पर खनन माफिया ने रास्ते की जमीन को भी भी खोद दिए हैं। रविवार को रोनेजा गांव के नजदीक अवैध खनन की जानकारी यमुना प्राधिकरण को मिली। प्राधिकरण की टीम जब मौके पर पहुंची तो उसके साथ मारपीट और बदसलूकी की गई। आरोप है कि खनन माफिया के ठेकेदारों ने किसानों नेताओं के समर्थकों के साथ मिलकर हमला बोल दिया।

यमुना प्राधिकरण के क्षेत्र रोनेजा गांव के पास प्राधिकरण के सेक्टर-22 ई में खनन माफियाओं द्वारा अवैध रुप से मिट्टी खनन किया जा रहा है। यह खनन कुछ किसान नेताओं की सह पर हो रहा था। जहां खनन माफिया ने कई फीट तक खोदाई कर जमीन से मिट्टी निकाल ली। जब इसकी जानकारी यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों को हुई तो कार्यवाही करने के लिए टीम बनाई गई। टीम ने जैसे ही मौके पर पहुंच कर खनन माफिया के कार्यों में हस्तक्षेप किया तो माफिया ने किसान नेताओं के साथ मिलकर टीम पर हमला बोल दिया। प्राधिकरण ने कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। यमुना प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक प्राधिकरण अधिकारियों द्वारा खनन मामले में शिबू सिंह, दिनेश, भोला, राजकुमार, बिशन, मुकेश भाटी समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी चल रही है।
















