बॉस, पत्नी, साले समेत पांच गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद
गाजियाबाद। रागिनी उर्फ आरोही हत्याकांड़ का मुरादनगर पुलिस ने खुलासा कराते हुए कारोबारी, पत्नी, साले समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और कारतूस भी बरामद किया है। रागिनी उर्फ आरोही की हत्या बॉस से अवैध संबंधों को लेकर हुई थी। हत्या की वारदात को अंजाम उसके बॉस की पत्नी के भाई ने दिया था। पत्नी ने भाई से कहकर पहले उसे घर से उठवाया। फिर जान से मरवाकर पुल के नीचे फेंकवा दिया।
हत्या की घटना का खुलासा करते हुए डीसीपी ग्रामीण विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि मुरादनगर पुलिस एवं स्वॉट ग्रामीण की संयुक्त टीम ने रियल एस्टेट कारोबारी बंटी सिंह, उसकी पत्नी राखी सिंह, साले अमित कुमार और उसके दो दोस्त करन उर्फ केपी और अंकुर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गाजियाबाद और बागपत जिले के बॉर्डर स्थित गांव सुराना, जो मुरादनगर थाना क्षेत्र में आता है। यहां पर हिंडन नदी का पुल है। इस पुल के नीचे 3 अगस्त की दोपहर एक युवती का शव बरामद हुआ था। शुक्रवार को युवती की पहचान 21 वर्षीय रागिनी उर्फ आरोही शाह के रूप में हुई। वह नोएडा में ग्राम चौड़ा सेक्टर-22 की रहने वाली थी। ग्रेटर नोएडा के आदित्य वल्र्ड टॉवर में हापुड़ निवासी बंटी सिंह की रीयल एस्टेट कंपनी में काम करती थी। शुक्रवार को मृतका की बहन मंजू शाह ने मुरादनगर थाना पहुंचकर हत्या की एफआईआर दर्ज कराई। एफआईआर में रियल एस्टेट कारोबारी बंटी सिंह, बंटी की पत्नी राखी और बंटी के साले अमित जाटव को नामजद किया।
जांच में पता चला है कि रागिनी उर्फ आरोही शाह के अपने बॉस बंटी सिंह से अवैध संबंध थे। रागिनी की बंटी के घर में खुली एंट्री थी। इस वजह से बंटी के घर में क्लेश होता था। बंटी की अपनी पत्नी राखी से अक्सर लड़ाई होती थी। जब राखी को लगा कि अब हाथ से बात जा रही है, तो उसने रागिनी के मर्डर की प्लानिंग बनाई। राखी ने अपने भाई अमित जाटव को मर्डर करने की जिम्मेदारी दी। इसके बाद अमित ने अपने दोस्तों को इस बारे में बताया। रागिनी को ठिकाने लगाने के लिए उसके दोस्त भी मान गए। फिर प्लान के मुताबिक, अमित 2 अगस्त की रात को करीब 12 बजे रागिनी के घर पहुंचा। फिर कार में ही बैठकर रागिनी को फोन किया और उसे साथ चलने को कहा। रागिनी घरवाले से यह कहकर निकली की बॉस की पत्नी बुला रही हैं। फिर वह अमित के कार में बैठकर चली गई। कार में अमित के दोस्त भी बैठे थे।
अमित कार को लेकर सीधे सुराना गांव के हिंडन पुल पर पहुंचा। रागिनी उनके इरादों को भांप गई। उसने भागने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने 2 गोली मार दी। एक गोली सीने पर और दूसरी सिर में लगी। इसके बाद आरोपियों ने लाश को पुल से करीब 20 फीट नीचे फेंक दिया था। परिजनों का कहना है कि बेटी यह कहकर गई थी कि बॉस के घर जा रही हूं। मगर, काफी देर तक नहीं आई, तो हम लोगों ने बेटी को कॉल की। मगर, उसका फोन ऑफ आ रहा था। काफी देर फोन ट्राई करने के बाद हम लोग सो गए। सुबह सोशल मीडिया से पता चला कि बेटी की हत्या हो गई है।
डीसीपी ने बताया पुलिस को इस केस का वर्कआउट करने में सफलता मिली है। रागिनी के बड़े-बड़े शौक थे, इसी कारण रागिनी अपने पति से अलग भी रहती थी। फिर बंटी की पत्नी राखी मृतक रागिनी से परेशान रहने लगी और इस परेशानी से निजात पाने के लिए राखी ने अपने भाई अमित जाटव से रागिनी को रास्ते से हटाने के लिए प्लान किया और यह प्लानिंग करके अमित जाटव जो रीयल एस्टेट कारोबारी बंटी सिंह का साला है। अमित ने ही अपने चार-पांच दोस्तों के साथ इस वारदात को अंजाम दिया।
















