दीपावली पर शहर की सभी व्यवस्था रहे बेहतर : विक्रमादित्य सिंह मलिक

संभव दिवस के बाद निगम अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में म्युनिसिपल कमिश्नर ने दिया टैक्स वसूली बढ़ाने पर जोर

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा आगामी दीपावली सहित अन्य त्योहारों पर शहर में बेहतर व्यवस्था कराई जाएगी। साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति एवं स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरूस्त रहे। यदि कहीं कोई अड़चन है तो त्यौहार से पहले उसे दूर कर लिया जाये। मंगलवार को नगर निगम मुख्यायल में संभव दिवस के बाद निगम अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक ने यह निर्देश दिया। बैठक के दौरान अब तक हुई टैक्स वसूली की समीक्षा की गई और टैक्स वसूली में बढ़ोतरी को लेकर अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिये गये। उन्होंने सभी विभागों के विभागाध्यक्षों से सभी प्रोजेक्ट को लेकर जानकारी ली। नगर आयुक्त ने बैठक में निर्देश दिए कि शासन से निर्धारित प्रोजेक्ट पर तेजी से कार्य कराया जाए।

म्युनिसिपल कमिश्नर ने बैठक में अपर नगर आयुक्त अरुण यादव, जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी,नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मिथिलेश सिंह,चीफ इंजीनियर एनके चौधरी से राज्य स्मार्ट सिटी के तहत स्वीकृत किए गए विकास कार्यों, अमृत योजना, स्वच्छ भारत मिशन समेत अन्य योजना की विस्तृत रूप से जानकारी लेते हुए कार्यों की प्रगति बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा एवं जोनल प्रभारियों को निर्देश दिए कि संपत्ति कर से छुटे हुए भवनों पर टैक्स लगाने और मानक से कम टैक्स लगे हुए भवनों पर विशेष ध्यान देते हुए मानक के अनुरूप कर टैक्सी की वसूली कराई जाए।

जीआईएस सर्वे में चिन्हित भवनों का राजस्व से सत्यापित मिलान कर व फीडिंग कराकर बिल जारी किया जाये। म्युनिसिपल कमिश्नर ने दीपावली एवं छठ पूजा समेत अन्य त्योहारों पर विशेष व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। स्वच्छता के प्रति शहरवासियों को जागरूक करने के लिए भी कहा। सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा करने को कहा गया। टैक्स वसूली को लेकर विशेष तौर पर जोनल प्रभारियों को अपनी टीम को प्रोत्साहित करने के लिए निर्देश दिए गए । बैठक में मुख्य नगर लेखा परीक्षक विवेक सिंह, अकाउंट ऑफिसर डॉ. गीता रानी, सहायक नगर आयुक्त पल्लवी सिंह, संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ गौतम सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।