म्युनिसिपल कमिश्नर ने स्वच्छता के साथ प्रदूषण मुक्त दीपावली का दिया संदेश

-आओ मिलकर प्लास्टिक मुक्त एवं हरित दीपावली मनाएं

गाजियाबाद। दीपावली का त्यौहार दीपमाला, ज्योति पर्व तथा प्रकाश उत्सव के नाम से भी जाना जाता है। दीपावली जैसे पावन पर्व के सांस्कृतिक महत्व को समझना चाहिए। दीपावली पर पर्यावरण संरक्षण का ख्याल रखने की जरूरत है। वातावरण स्वच्छ होगा, तभी हर नागरिक स्वस्थ रह पाएगा। अपने शहर को प्रदूषण से बचाना है तो पटाखों से दूरी बनानी होगी। पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान देंगे, तभी हमें स्वस्थ माहौल मिलेगा। उक्त बातें मंगलवार रात को शहर के बाजारों का भ्रमण करने निकले म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक ने दुकानदारों को स्वच्छता का पाठ पढाते हुए कहीं। उन्होंने व्यापारियों से स्वच्छता की अपील की और प्लास्टिक मुक्त दीपावली मनाने के लिए जागरूक किया। निगम अधिकारियों के साथ म्युनिसिपल कमिश्नर राजनगर, संजय नगर, कवि नगर, घंटाघर एवं नवयुग मार्केट के बाजारों में पहुंचे।

दीपावली के अवसर पर म्युनिसिपल कमिश्नर ने सभी को स्वच्छ दीपावली शुभ दिवाली की शुभकामनाएं दी। साथ ही शहर वासियों को स्वच्छ दीपावली अभियान में जोड़ा। म्युनिसिपल कमिश्नर ने इस दौरान बाजार में खरीददारी के लिए आए लोगों से भी वार्ता की। उनके द्वारा स्वच्छ दीपावली मनाने का निगम से वादा और अपने आप से भी किया गया। नगर निगम द्वारा महापौर सुनीता दयाल एवं म्युनिसिपल कमिश्नर के निर्देश के क्रम में शहर वासियों को स्वच्छ दीपावली अभियान के अंतर्गत जागरूक किया जा रहा है। जिसमें सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने, स्वच्छ तथा हरित दिवाली मनाने, पर्यावरण अनुकूल उत्पादों का उपयोग करने के लिए अपील की गई। रात्रि निरीक्षण के दौरान म्युनिसिपल कमिश्नर को जहां गंदगी दिखी, वहीं टीम को बुलाकर मौके पर सफाई कराई।

साथ में कचरा उठाने वाली गाड़ी भी रही। स्वच्छता का संदेश शहर वासियों एवं व्यापारी वर्ग को दिया। म्युनिसिपल कमिश्नर ने शहर वासियों और व्यापारियों से पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले पटाखों के इस्तेमाल से परहेज कर पर्यावरण को बचाने के इस नेक काम में हिस्सा लेने की अपील की। जिसमें शहर वासियों ने भी अपना पर्यावरण के प्रति उत्साह दिखाते हुए हरित दिवाली मनाने का संदेश दिया। रात्रि निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, महाप्रबंधक जल आनंद त्रिपाठी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश कुमार व अन्य एचएमएस की टीम उपस्थित रही।