हाउस टैक्स बड़े बकाएदारों पर होगी कुर्की की कार्रवाई, निगम ने चस्पा किए नोटिस

-कर वसूली को लेकर नगर आयुक्त की सख्ती का असर, निगम कोष में जमा हुए 1 करोड़

गाजियाबाद। नगर निगम के कई नोटिस जारी करने के बाद भी बकाया हाउस टैक्स का भुगतान नहीं करने वाले बड़े बकायेदार नगर निगम के निशाने पर आ गए हैं। ऐसे बकायेदारों के खिलाफ नगर निगम कुर्की की नोटिस जारी करेगा। कुछ को आरसी भी जारी करने की भी तैयारी है। कुर्की की नोटिस जारी करने के लिए निगम ने सूची तैयार कर ली है। अब इसकी जांच की जा रही है कि किसी बकायेदार ने स्थगन आदेश तो नहीं लिया है। नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए नगर निगम लगातार जनहित से जुड़े कार्यों को करता रहता है। निगम के आय का सबसे बड़ा स्रोत ही सम्पत्ति कर होता है, जिसकी सहायता से निगम शहर में विकास कार्यों को करता है। मगर नगर निगम के तहत आने वाले कई ऐसे संपत्ति स्वामी हैं, जिन्होंने लंबे समय से अपने कर का भुगतान नहीं किया है।

निगम द्वारा लगातार नोटिस जारी करने और अपील किए जाने के बाद भी कई संपत्ति स्वामी हाउस टैक्स को जमा करने में कोताही बरत रहे हैं, जिसे देखते हुए निगम अब वैसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का मन बना चुकी है। नोटिस चस्पा कर चेतावनी दी जा रही है। नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम के पांचो जोनल प्रभारियों ने भी कर वसूली बढ़ाने के लिए कमर कस ली है। जोनल प्रभारियों द्वारा की जा रही कार्यवाही की नगर आयुक्त समय-समय पर रिपोर्ट भी देख रहे है। ऐसे बकायेदार जिनके द्वारा अभी तक कई वर्षों का हाउस टैक्स जमा नहीं किया गया है। उनका टारगेट बनाते हुए कार्य जोरों से चल रहा है।

वसुंधरा जोन में विशेष कार्यवाही की गई। जसके क्रम में औद्योगिक क्षेत्र सहित कई स्थानों पर नोटिस चस्पा किया गया। जोनल प्रभारी एसके राय का कहना है की कुर्की की कार्यवाही के क्रम में एंजल मोटर साइट-4 साहिबाबाद पर एक करोड़ 61 लाख बकाया है। जमा न करने की दशा में नोटिस चस्पा किया गया। सुंदर होर्डिंग सेक्टर-4 वसुंधरा पर 20 लाख, मैसर्स बाल एसोसिएट पर 40 लाख 95 हजार बकाया है। जिन्हे नोटिस चस्पा कर चेतावनी दी गई है। अगर जल्द ही बकाया टैक्स जमा नहीं किया गया तो संबंधित के खिलाफ कुर्की की भी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम के अन्य जोन भी इसी प्रकार कार्य कर रहे हैं। कविनगर जोन के अंतर्गत डिमांड नोट जारी किए गए। सिटी जोन के अंतर्गत गांधीनगर, आर्यनगर में नोटिस चस्पा किए गए। विजयनगर जोन में भी कार्यवाही को तेज करते हुए डी ब्लॉक प्रताप विहार एवं औद्योगिक क्षेत्र में नोटिस चस्पा किए गए। आगामी सप्ताह में कार्यवाही को और तेज किया जाएगा। जिसमें बड़े बकायेदार को विशेष रूप से चिन्हित करते हुए हाउस टैक्स वसूली को बढ़ाया जाएगा।

अवकाश दिवस में हुई 1 करोड़ की वसूली
नगर निगम कोष में अवकाश दिवस रविवार सहित लगभग एक करोड़ से अधिक की वसूली की गई है। विजयनगर जोन द्वारा 222000, सिटी जोन द्वारा 1728000, मोहन नगर जोन द्वारा 1561000, वसुंधरा जोन द्वारा 3850000, कवि नगर जोन द्वारा 2756000 निगम कोष में जमा कराया गया। नगर निगम का सहयोग क्षेत्रीय पार्षदों के द्वारा भी किया जा रहा है।

IAS Vikramditya Singh Malik
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

टैक्स बकाएदारों को नोटिस जारी किया जा चुका है। साथ बड़े बकाएदार जिन्होंने नोटिस मिलने के बाद भी अभी तक टैक्स जमा नहीं किया गया है। ऐसे बकाएदारो को चिन्हित कर उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही बड़े बकायादारों की सूची तैयार कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है। बकाएदारों से लगातार टैक्स जमा कर कार्रवाई से बचने की अपील कर रहे है। टैक्सदाताओं की सहूलियत के लिए नगर निगम के सभी जोनल कार्यालय एवं क्षेत्र में अवकाश के दिनों में भी कैंप लगाए जा रहे है। जिससे टैक्सदाताओं को टैक्स जमा करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। नगर  निगम के आय का सबसे बड़ा स्रोत ही सम्पत्ति कर होता है। अगर लोग ही इसकी चोरी करेंगे तो शहर का विकास कैसे होगा। नगर निगम की कार्रवाई और लगने वाले अतिरिक्त ब्याज से बचने के लिए समय पर अपना टैक्स जमा कराएं।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त गाजियाबाद।