स्वच्छ तीर्थ अभियान की महापौर ने पौधारोपण से की शुरुआत

-15 स्थानों पर लगाए गए 1700 पौधे, पूजनीय पौधों को भी किया गया शामिल

गाजियाबाद। आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है। इस शुभ अवसर पर जिले में उत्साह का वातावरण है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ तीर्थ अभियान का आगाज किया है। धार्मिक व पवित्र स्थलों को साफ और कचरा मुक्त रखने, मंदिरों और प्रमुख तीर्थ स्थलों में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था करने के उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत की गई है। इस मुहिम को आगे बढ़ाते हुए नगर निगम भी अपनी सहभागिता निभा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश अनुसार शहर में वृहद स्तर पर स्वच्छ तीर्थ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को पौधरोपण की भी शुरुआत की गई। शहर के पांचो जोनों में लगभग 1700 पौधे लगाए गए। आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, निगम अधिकारी, पार्षदों व जनप्रतिनिधि ने मिलकर वृहद स्तर पर पौधारोपण किया। मंदिर परिसर पार्क में मुख्य रूप से 15 स्थानों पर पौधे लगाए गए।

महापौर सुनीता दयाल ने कवि नगर जोन के अंतर्गत एम ब्लॉक शिव मंदिर परिसर में पौधे लगाकर स्वच्छ तीर्थ अभियान की शुरुआत करते हुए शहरवासियों से स्वच्छ तीर्थ कार्यक्रम में सहयोग की अपील करते हुए कहा 22 जनवरी तक मंदिरों और तीर्थ क्षेत्रों में सफाई कर स्वच्छता के इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच एवं जनकल्याण के उद्देश्य से शुरू की गई योजनाएं देश के करोड़ों परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही हैं।

पौधारोपण के दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, उद्यान प्रभारी डॉक्टर अनुज कुमार सिंह, एसबीएम टीम उपस्थित रही। नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार पौधारोपण में पूजनीय पौधों की संख्या को बढ़ाया गया है। जिसमें आंवला, आम, कल्पवृक्ष को प्रमुखता से लगाया गया। कल्पवृक्ष को महापौर द्वारा लगाया गया। शहर के अन्य स्थानों में भी पौधारोपण किया गया और मंदिर परिसरों को स्वच्छ व सुंदर बनाया गया। पौधारोपण कार्यक्रम जारी रहेगा जिसमें पौधों की संख्या को बढ़ते हुए जन-जन को जागरूक करते हुए पौधारोपण किया जाएगा।