-सफाई के दौरान ही उठाई जाए नालों की सिल्ट: नगर आयुक्त
गाजियाबाद। शहर की सफाई को और बेहतर बनाने के लिए नगर निगम की टीम सफाई व्यवस्था तेज कर दी है। सफाई व्यवस्था के दौरान मुख्य नालों की सफाई को तेज कर दिया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के द्वारा स्वास्थ्य विभाग को एक सप्ताह में मुख्य मार्गों के नालों को साफ करने के लिए निर्देश दिए हैं। जिसके क्रम में कार्यवाही तेज दिखाई दे रही है। मंगलवार को विजयनगर जोन के अंतर्गत राहुल विहार, विजय नगर इंडस्ट्रियल, एरिया, कवि नगर जोन के अंतर्गत लोहा मंडी तथा बुलंदशहर इंडस्ट्रियल एरिया, वसुंधरा जोन के अंतर्गत साहिबाबाद साइट 4, कड़कड़, झंडापुर, सूर्य नगर, मोहन नगर जोन के अंतर्गत पसोंडा, आराधना, शहीद नगर, अर्थला, सिटी जोन के अंतर्गत पटेल नगर, सेवा नगर, सराय नजर अली, राकेश मार्ग, केला भट्टा, नंदग्राम मे उपकरणों के माध्यम से नालों की सफाई की गई। अवैध डेरियो को भी चिन्हित कर नोटिस जारी किया गया।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश कुमार ने बताया शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आंतरिक गलियों में नालियां और मुख्य मार्गों के नालों को साफ किया जा रहा है। जेसीबी के माध्यम से सिल्ट को निकाला जा रहा है। नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार नालों की सफाई के दौरान ही सिल्ट को उठाने के लिए भी टीम को निर्देश दिए गए हैं। गंदगी न फैले आवश्यकता अनुसार कई स्थानों पर नालों की सिल्ट को सीधा ट्रैक्टर में ही डाला जा रहा है। उपमुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ अनुज कुमार सिंह व विभाग की अन्य टीम द्वारा अवैध रूप से चल रही डेयरी पर नोटिस की कार्यवाही तेज कर दी गई है। पसोंडा, विजय नगर में विशेष अभियान भी चल रहा है।
नगर आयुक्त द्वारा डेयरी संचालकों से अपील की गई कि वह गोबर को नालियों में अथवा नालों में ना बहाये, ऐसा किए जाने पर जुर्माना की कार्यवाही की जाएगी। नियम अनुसार अवैध रूप से चल रही डेयरी को भी बंद किया जाएगा। स्वास्थ्य एवं संबंधित विभाग द्वारा सभी डेयरी संचालकों से समन्वय कर उनको स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। खुले में गोबर ना बहाने के लिए अपील की जा रही है। साथ ही नोटिस भी कई डेयरी को जारी किए गए हैं। एक सप्ताह में 40 डेयरी को नोटिस जारी कर 23000 जुर्माना वसूला गया।


















