10 दिन बाद लापता कारोबारी कोलकाता से सकुशल बरामद

500 कॉल डिटेल, 100 से अधिक फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को मिली सफलता

गाजियाबाद। बीते काफी समय से जिले में बढ़ रहे अपराध को लेकर अपनी किरकिरी करा रही पुलिस ने लापता व्यापारी को 10 दिन बाद सकुशल बरामद कर बडी कामयाबी हासिल की है। इस सफलता को प्राप्त करने में पुलिस की आधा दर्जन से अधिक टीमों के सौ से अधिक अधिकारियों व पुलिसकर्मियों के अलावा सर्विलांस टीमों जैसे कई प्रकोष्ठों के कर्मचारियों ने दिन-रात एक कर दिए थे। कारोबारी को शुक्रवार को कोलकाता से बरामद किया गया। एसएसपी कलानिधि नैथानी बताया कि 28 अक्टूबर को ऋचा घोष ने तहरीर देते हुए पुलिस को बताया था कि उनके कारोबारी पति 27 अक्टूबर को सुबह के समय घर से निकले थे। उसके बाद से ना तो उनकी कोई सूचना मिली और ना ही उस कार का पता चला जिससे वो गए थे। श्री नैथानी ने बताया कि पुलिस ने उक्त सनसनीखेज घटना की तुरंत रिपोर्ट दर्ज करके पराग घोष की बरामदगी के प्रयास शुरू कर दिए। कारोबारी की बरामदगी के लिए जहां पुलिस की आधा दर्जन से अधिक टीम लगाई गई हैं वहीं 100 से अधिक कर्मचारी व अधिकारी भी कारोबारी की बरामदगी के लिए बिना रूके कार्य करते रहे। इतना ही नहीं, पुलिस ने 500 से अधिक फोन कॉल्स की डिटेल खंगालने के अलावा सैंकड़ों स्थानों की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली। इस कवायद के दौरान पुलिस को सबसे पहले लोकेशन इंदिरापुरम से दिल्ली की ओर कारोबारी के स्वत: मूव करने वाली मिली। इसके बाद उनकी लोकेशन हिमाचल और पंजाब की ओर मूव करने वाली मिली। श्री नैथानी ने बताया कि कुछ समय पश्चात पराग घोष की लोकेशन कोलकाता की ओर मूव करती हुई दिखाई दी। इसके बाद बाद उनका मूमेंट कोलकता में मिला तो पुलिस प्रशासन ने उनकी बरामदगी करने में देरी ना लगाते हुए पुलिस की एक टीम हवाई जहाज से कोलकाता रवाना की गई थी। उस टीम ने वहां पहुंचते ही कारोबारी पराग घोष को सकुशल बरामद कर लिया। श्री नैथानी ने बताया कि कारोबारी पराग घोष की बरामदगी होते ही पुलिस टीम ने सफलता की सूचना उन्हें दे दी। जिसके बाद कारोबारी के सकुशल बरामद होने की सूचना पराग घोष के परिजनों को भी दे दी गई। श्री नैथानी ने बताया कि लापता हुए कारोबारी पराग घोष की बरामदगी के बाद उनसे हुई प्राथमिक पूछताछ के बाद उन्होंने बताया कि व्यापार में घाटा हो जाने और फाइनेंशियल पोजीशन खराब हो जाने जैसे कई कारणों के चलते वो तनाव में चले गये थे। जिसके बाद वह तनावमुक्त होने के लिए स्वत: ही घर से लापता हो गए। श्री नैथानी ने बताया कि अभी कारोबारी के साथ पूरी पूछताछ नहीं हुई है। अब उनसे पुलिस गहन पूछताछ करेगी। उधर पराग घोष की बरामदगी की सूचना मिलते ही जहां उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। पत्नी व बच्चों ने पुलिस को धन्यवाद कहा।