लोकसभा चुनाव-2024 का शंखनाद होते ही बिछ गई चौसर 26 अप्रैल को गाजियाबाद लोकसभा सीट पर 29.38 लाख मतदाता चुनेंगे अपना सांसद

-मतदान करना आपका अधिकार और जिम्मेदारी है: इन्द्र विक्रम सिंह
-मतदान को 27 जोनल, 194 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 4 अप्रैल तक होंगे नामांकन दाखिल
-मतदान केंद्र-841 व मतदेय स्थल-3197, वेबकॉस्टिंग 1598 बूथों की होगी

गाजियाबाद। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर शंखनाद हो चुका है। कुल सात चरणों में लोकसभा चुनाव कराए जाएंगे। अब चुनावी चौसर बिछना शुरू हो गई है। जिले में आगामी 26 अप्रैल को मतदान होगा। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद जिला प्रशासन ने अब चुनावी तैयारी तेज कर दी हैं। इस बार 29 लाख 38 हजार 845 मतदाता सांसद चुनेंगे। मतदाताओं के लिए सभी पांचों विधानसभा क्षेत्र में 841 मतदान केंद्र और 3197 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इनमें से 439 क्रिटिकल और 72 वल्नरेबल मतदेय स्थल बनाए गए है। इनके लिए 27 जोनल मजिस्ट्रेट व 194 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर इन्द्र विक्रम सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लोकसभा चुनाव को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जिले में 26 अप्रैल को मतदान होगा। लोकसभा क्षेत्र में 29,38,845 मतदाता मतदान करेंगे। आगामी 28 मार्च को चुनाव अधिसूचना जारी होगी और नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया अंतिम तिथि 4 अप्रैल रहेगी। इस बार खास बात यह है कि पहली बार वोट देने वाले युवाओं की संख्या काफी अधिक है। पहली बार 18 वर्ष से 19 वर्ष तक के मतदाताओं की संख्या 25 हजार 748 पहुंच गई है। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या भी 13,602 है। प्रत्याशी नामांकन दाखिल कलेक्ट्रेट में कक्ष संख्या-102 में करेंगे। 4 अप्रैल तक नामांकन दाखिल, नामांकन पत्रों की जांच 5 अप्रैल, नाम वापसी 8 अप्रैल और 26 अप्रैल को मतदान होगा। जबकि मतगणना 4 जून को होगी।

विधानसभा क्षेत्र व सहायक रिटर्निंग ऑफिसर
विधानसभा लोनी-एआरओ एसडीएम निखिल चक्रवर्ती, मुरादनगर-एआरओ अपर नगर मजिस्ट्रेट चंद्रेश कुमार, साहिबाबाद-एआरओ एसडीएम सदर अरुण दीक्षित, गाजियाबाद-एआरओ सिटी मजिस्ट्रेट अजय कुमार अम्बष्ट, धौलाना(आंशिक), मोदीनगर-सीट बागपत में होने के चलते एआरओ एसडीएम डॉ. पूजा गुप्ता बनाई गई हैं। विधानसभा वार मतदाता-मतदान केंद्र, जोनल व सेक्टर-मजिस्ट्रेट: लोनी-मतदाता-517604, मतदान केंद्र-146,मतदेय स्थल-530, जोनल मजिस्ट्रेट-3, सेक्टर मजिस्ट्रेट-41, विधानसभा-मुरादनगर मतदाता-460341, मतदान केंद्र-153, मतदान स्थल 514, जोनल मजिस्ट्रेट-7, सेक्टर मजिस्ट्रेट-35, साहिबाबाद-कुल मतदाता- 10,33,314, मतदान केंद्र-263, मतदेय स्थल-1127, जोनल मजिस्ट्रेट-7, सेक्टर मजिस्ट्रेट-57, गाजियाबाद-मतदाता-4,69542, मतदान केंद्र-119, मतदेय स्थल-506, जोनल मजिस्ट्रेट-4, सेक्टर मजिस्ट्रेट-22, धौलाना (आंशिक) मतदाता- 123368 मतदान केंद्र-38, मतदेय स्थल-133, जोनल मजिस्ट्रेट-2, सेक्टर मजिस्ट्रेट-10 तैनात रहेंगे। धौलाना विधानसभा में कुल 421430 मतदाता है, मतदान केंद्र-152 व मतदेय स्थल-414 बनाए गए है, इसमें जोनल मजिस्ट्रेट-8,सेक्टर मजिस्ट्रेट-37 तैनात किए गए है। लोकसभा सीट बागपत की मोदीनगर विधानसभा-कुल मतदाता- 334676, मतदान केंद्र-122,मतदेय स्थल-387, जोनल मजिस्ट्रेट-4, सेक्टर मजिस्ट्रेट-29 तैनात किए गए हैं।

बहुमंजिला बिल्डिंग व ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी में बनाए 52 मतदेय स्थल
जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान प्रतिशत बढ़ाए जाने के लिए बहुमंजिला बिल्डिंग व गु्रप हाउसिंग सोसाइटी में लोनी, मुरादनगर, साहिबाबाद,गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र में 52 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। लोनी क्षेत्र के लिए दिल्ली पब्लिक स्कूल साहिबाबाद, टीला शाहबाजपुर लोनी के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होगी। गाजियाबाद के लिए कविनगर रामलीला मैदान, मुरादनगर व मोदीनगर के लिए केंद्रीय विद्यालय कमला नेहरू नगर ग्राउंड से रवाना होगी। साहिबाबाद, गाजियाबाद, धौलाना के लिए यहीं से रवाना होगी। मतगणना-लोनी, मुरादनगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद व मोदीनगर की अनाज मंडी गोविंदपुरम में होगी। धौलाना की नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति गढ़ रोड हापुड़ में होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोकसभा चुनाव में कुल मतदेय स्थल 3197 में से 1598 स्थलों की वेब कॉस्टिंग कराई जाएगी। इसमें क्रिटिकल एवं वल्नरेबल मतदेय स्थल शामिल रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की है कि मतदान जरूर करें। मतदान करना आपका अधिकार ही नहीं बल्कि आपकी जिम्मेदारी भी हैं। लोकसभा चुनाव में इस बार प्रत्येक विधानसभा में महिला बूथ और युवा बूथ बनाए जाएंगे। इन बूथों पर मतदान कराने वाला संपूर्ण स्टाफ महिला और युवा ही रहेंगे। इसके लिए हर विधानसभा में एक-एक महिला बूथ और एक-एक युवा बूथ बनाए जाएंगे। जिले में कुल 3197 बूथ हैं जिसमें से लगभग 50 फीसदी बूथों पर इस बार वेबकास्टिंग कराई जाएगी। इसमें संवेदनशील-अतिसंवेदनशील बूथ भी शामिल रहेंगे। इस बार 1598 बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था रहेगी। जिले में 439 संवेदनशील और 71 अति संवेदनशील बूथ चिन्हित किए गए हैं।

दिव्यांग और 85 वर्ष से अधिक के मतदाता घर से करेंगे मतदान
लोकसभा चुनाव में इस बार दिव्यांग और 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग मतदाता अपने घर पर ही वोट दें सकेंगे। इसके लिए उन्हें 12वीं के तहत घोषणा पत्र देना होगा कि वह मतदान केंद्र पर जाने में असमर्थ हैं। इसके बाद टीम उनके घर जाकर मतदान कराएगी। कुल 841 मतदान केंद्र और 3197 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। सर्विस मतदाताओं की संख्या-3347 और दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 13602 है। जबकि 18 से 19 वर्ष की आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या-25,748 और 80 से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या-35, 487 हैं।