गाजियाबाद। लोकसभा चुनाव के चलते नामांकन प्रक्रिया के तहत सोमवार को इंडिया गठबंधन कांग्रेस-सपा की संयुक्त प्रत्याशी डॉली शर्मा समेत 3 प्रत्याशियों ने पुलिस फोर्स की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नामांकन पत्र दाखिल किया। सोमवार को कांग्रेस-सपा गठबंधन की संयुक्त प्रत्याशी डॉली शर्मा अपने प्रस्तावक व अधिवक्ता के साथ दोपहर करीब डेढ़ बजे नामांकन कक्ष में पहुंंची। जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह व सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अजय कुमार अम्बष्ट के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। डॉली शर्मा करोड़पति प्रत्याशी है। इन्होंने अपने नामांकन पत्र में दर्ज की गई संपत्तियों का भी ब्योरा दिया। नामांकन के दौरान इनके पिता कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज,प्रस्तावक विजय चौधरी साथ थे। नामांकन से पूर्व गठबंधन में शामिल कांग्रेस-सपा और आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेताओं ने नवयुग मार्केट स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क में एकत्र हुए थे।
यहां संबोधन करने के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन दाखिल करने पहुंचे। कलेक्ट्रेट के मेन गेट पर पहुंचने के बाद समर्थकों को पुलिस ने वहीं रोक दिया। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव, कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र मलिक गेट पर कमान संभाले रहे। उन्होंने सिर्फ प्रत्याशी समेत प्रस्तावक को अंदर प्रवेश करने दिया। वहीं,कलेक्ट्रेट में निर्धारित संख्या अधिक नेता प्रवेश करना चाहते थे लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस पर सपा और कांग्रेस के नेताओं तथा पुलिस अधिकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा के अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा पार्टी से मोनिका गौतम,सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी से धीरेंद्र सिंह भदौरिया ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इनके अलावा अब तक 18 प्रत्याशी नामांकन पत्र खरीद चुके है। जबकि चार प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं।















