प्रतिबंधित प्लास्टिक उपयोग पर निगम की सख्ती 4 लाख 71 हजार रुपये जुर्माना की वसूली

-नगर आयुक्त के नेतृत्व में वृहद स्तर पर प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध चला अभियान
-शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने में जनसहभागिता बहुत जरूरी: विक्रमादित्य सिंह मलिक

गाजियाबाद। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम ने फिर से अभियान छेड़ दिया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। इस दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त करने के साथ जुर्माना भी वसूला जा रहा है। बुधवार को नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम के पांचों जोनल क्षेत्र में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक रखने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 33 क्विंटल से अधिक पॉलिथीन जब्त करते हुए 4 लाख 71 हजार 500 रुपये वसूल किए। प्रतिबंधित होने के बावजूद स्वच्छता तथा पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले प्लास्टिक का उपयोग अभी भी कुछ लोगों द्वारा छुपकर किया जा रहा है, जिसके खिलाफ नगर निगम ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।

कार्रवाई के दौरान निगम की टीम द्वारा व्यापारियों और आमजन को प्लास्टिक के उपयोग की जगह कपड़े का थैला या जूट से बने थैले का उपयोग करने के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है। सिटी जोन, मोहन नगर जोन और वसुंधरा जोन में प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत बड़ी कार्यवाही की गई है। 33 क्विंटल से अधिक पॉलिथीन जब्त की गई और 4 लाख 71 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। मोहन नगर जोन अंतर्गत सेल टैक्स विभाग के सहयोग से पॉलिथीन का भरा हुआ ट्रक पकड़ा गया। जिस पर जोनल प्रभारी द्वारा जीटी रोड मोहन नगर पहुंचकर 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला और 157 कट्टे पॉलिथीन के भरे हुए जब्त किया गया। जिसमें लगभग 30 क्विंटल पॉलिथीन जब्त की गई। वसुंधरा जोन प्रभारी सुनील कुमार राय ने अपनी टीम के साथ झंडापुर, वैशाली, वसुंधरा क्षेत्र में रोस्टर के क्रम में अभियान चलाया। अभियान के दौरान 3 लाख 21 हजार 500 जुर्माना वसूला गया और स्थानीय लोगों के साथ व्यापारियों को भी प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने के लिए अपील की गई।

लगभग 55 किलो पॉलिथीन को जब्त किया गया। मौके पर चल रहे तंदूर को बंद कराते हुए जुर्माना वसूला गया। सिटी जोन के अंतर्गत, किराना मंडी के क्षेत्र में प्रवर्तन दल टीम द्वारा छापा मारा गया। जिसके क्रम में मैसर्स गोपाल के गोदाम से लगभग 300 किलो पॉलिथीन जब्त किया गया और सिटी जोन के जोनल प्रभारी की टीम को बुलाकर 1 लाख 25000 रुपये का जुर्माना भी वसूल किया गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के क्रम में लगातार कार्यवाही तेजी से चल रही है। कड़ी कार्यवाही के साथ-साथ शहर के निवासियों को प्रतिबंधित प्लास्टिक का बहिष्कार करने के लिए बार-बार अपील की जा रही है। नगर आयुक्त द्वारा टीम को जहां रोस्टर के क्रम में अभियान के लिए कहा गया है।

वहीं शहर वासियों को भी पॉलिथीन मुक्त शहर बनाने के लिए अपील की गई है। शहर को प्लास्टिक मुक्त कर स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने के लिए नगर निगम लगातार बड़े स्तर पर अभियान के रूप में कार्य कर रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहर के व्यापारियों और नागरिकों से अपील करते हुए कहा की सिंगल यूज प्लास्टिक से हमारे पर्यावरण और स्वास्थ्य को काफी नुकसान पहुंचता है। इसलिए प्लास्टिक की जगह कपड़े से निर्मित या जूट के थैले का प्रयोग करें और पर्यावरण को बचाएं तथा आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ भविष्य दें।