मतगणना में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: इन्द्र विक्रम सिंह

-मतगणना के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने की तैयारियों को लेकर बैठक

गाजियाबाद। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि मतगणना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लिहाजा मतों की गिनती से लेकर डाटा की ऑनलाइन प्रविष्टि में सावधानी बरतने की आवश्यकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि बढ़ते तापमान के चलते गर्मी से राहत दिलाने के लिए दवाई किट, ग्लूकोज, ओआरएस घोल समेत सभी व्यवस्था पुख्ता रखे। सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मतगणना के संबंध में मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को नियुक्त करते हुए जिम्मेदारी भी सौंपी। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान को देखते हुए समय से सभी व्यवस्थाओं को सकुशल ढंग से पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के मद्देनजर वाहन प्रवेश प्रतिबंधित रहेंगे।

आब्जर्वरों के ही वाहन मतगणना स्थल तक जाएंगे। इसके साथ ही मतगणना स्थल पर साफ-सफाई, बिजली, खाना, पानी, टेंट, कुर्सियां,फर्नीचर एवं कूलर,पंखे,एसी आदि की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। सभी निर्वाचन कार्मिक एवं राजनीतिक पार्टी के एजेंट एक दूसरे के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखेंगे। उन्होंने सीएमओ को आदेशित किया कि डॉक्टरों की टीम और एम्बुलेंस टीम किसी भी परिस्थति से निपटने के लिए हर समय तैयार रहे। गर्मी के बढ़ते तापमान को देखते हुए गर्मी से राहत दिलाने वाले ओआरएस,ग्लूकोज सहित अन्य मेडिसन किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कहीं कोई चूक नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह अपने-अपने दायित्वों को कुशलता पूर्ण निर्वहन करते हुए समय-समय पर मतगणना स्थल का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और अपनी निगरानी में कार्य को संपन्न कराएंगे। इस बात का भी विशेष ध्यान रहे कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी रणविजय सिंह,एडीएम एल/ए शैलेंद्र कुमार भाटिया,एडीएम सिटी गंभीर सिंह,मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.भवतोष शंखधर, एसडीएम सदर अरूण दीक्षित, एसडीएम मोदीनगर पूजा गुप्ता,एसडीएम लोनी निखिल चक्रवर्ती,सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हरिकृष्ण शर्मा आदि मौजूद रहे।