नगर निगम करेगा बढ़ती गर्मी में राहगीरों के लिए चौराहों पर मटके और अस्थाई प्याऊ की व्यवस्था

-निगम ने की राहगीरों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए तिरपाल की व्यवस्था
-पेड़ों की छांव के नीचे लगाए जाएंगे 40 से 45 स्थान पर अस्थाई रूप से प्याऊ

गाजियाबाद। बढ़ती गर्मी में राहगीरों, जरूरतमंदों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने रेड लाइट सिग्नल पर तिरपाल लगाने और पेयजल की व्यवस्था करने के लिए अस्थाई रूप से मिट्टी के मटके रखने के निर्देश दिए है। इन दिनों चिलचिलाती धूप, उमस व लू के चलते राहगीरों व बाजार आने वाले लोगों को पानी के लिए दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ती गर्मी में राहगीरों को धूप से बचाने और उनकी प्यास बुझाने के लिए नगर आयुक्त ने सार्थक पहल की है। जिसके लिए महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद एवं नजारत प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह को निर्देश दिए गए है।

नगर निगम द्वारा बढ़ती गर्मी के ताप को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को और अधिक दुरुस्त किया जा रहा है। वाटर एटीएम के माध्यम से पेयजल की व्यवस्था राहगीरों के लिए की हुई है। इसके अलावा भी अनेकों स्थान पर अस्थाई रूप से मिट्टी के मटके रखवा कर प्याऊ की व्यवस्था भी की जाएगी। मंदिरों, मस्जिदों के बाहर व अन्य धार्मिक स्थलों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों पर पेड़ों की छांव में अस्थाई रूप से प्याऊ लगाने की तैयारी तेज हो गई है। धूप को देखते हुए नगर आयुक्त ने रेड लाइट सिग्नलों पर तिरपाल की व्यवस्था कराई है। जिससे रेड लाइट होने पर वाहन चालक धूप से बच सकें। मेरठ रोड, हापुड़ मोड, कलेक्ट्रेट के बाहर, मोहन नगर चौराहे, साहिबाबाद सब्जी मंडी के बाहर कार्यवाही कराई जाएगी।

नजारत प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने बताया शहर के लगभग 25 से 30 स्थान पर धूप से बचाव के लिए ट्रैफिक सिग्नलों पर आवश्यकता अनुसार तिरपाल की व्यवस्था कराई जाएगी। कुछ जगहों पर तिरपाल की व्यवस्था करा दी गई है। ट्रैफिक सिग्नल पर खड़े होने वाहन धूप से बच सकें। महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद ने बताया कि ऐसे स्थान जहां पेड़ों की छाया होगी। वहां पर 40 से 45 स्थान पर अस्थाई रूप से प्याऊ लगाए जाएंगे। राहगीरों की प्यास बुझाने के लिए पानी की व्यवस्था की जाएगी। इन अस्थाई प्याऊ घरों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान देने, घडों में प्रतिदिन शुद्ध एवं ताजा पानी डालकर रखने और लोगों को शुद्ध ठंडा पेयजल की उपलब्धता कराने के लिए कार्यवाही तेज हो गई है। नगर निगम हर परिस्थिति में शहरवासियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते दिखाई देता है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और जन प्रतिनिधियों के द्वारा बढ़ती गर्मी को देखते हुए राहगीरों के लिए अनेकों राहत के कार्य किया जा रहे हैं। कई सामाजिक संस्थाएं भी सहयोग कर रही हैं।