रुपये के लेनदेन में फूफा बन गया शैतान बेटे के साथ मिलकर की मंडी के मुंशी की गोली मारकर हत्या

गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर-बम्हैटा में अपनी रिश्तेदारी में रह रहे साहिबाबाद मंडी में मुनीम के रूप में कार्यरत अमल सिंह यादव की उसके फूफा ने रुपए के लेनदेन में गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या की घटना का खुलासा करते हुए मृतक के फूफा और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी ग्रामीण विवेक चंद यादव ने बताया कि मूल रूप से अमरोहा जिले के धनोरा गांव निवासी अमल सिंह यादव शाहपुर-बम्हैटा गांव में रहते थे। वह अपने रिश्तेदार जिले सिंह यादव जो साहिबाबाद सब्जी मंडी में आढ़ती का काम करता है, उसके यहां मुनीम का काम करते थे। आरोप है कि पिछले छह महीने से अमल सिंह और जिले सिंह के बीच रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार रात में अमल सिंह अपने प्लॉट में कुछ निर्माण कार्य कर रहे थे,रात में करीब आठ बजे वहां पर जिले सिंह यादव अपने बेटे अतुल यादव के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों के बीच रुपए के लेनदेन को लेकर दोबारा कहासुनी हुई।

इसी दौरान जिले सिंह और अतुल ने अपने साथियों के साथ मिलकर अमल सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। गोली मारने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंची अमल सिंह की मां जावित्री ने बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीसीपी ग्रामीण ने बताया कि मां की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने जिले सिंह और उसके बेटे अतुल को लालकुआं के पास से गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त दो तमंचे,कारतूस भी बरामद किए गए हैं। जिले सिंह यादव पुत्र जय प्रकाश यादव निवासी गांव शाहपुर बम्हैटा का साहिबाबाद मंडी में आढ़त का काम है। यहां पर मृतक अमल यादव बतौर मुंशी का काम करता था। अमल यादव ने साल 2010 से 2023 तक यहां मुंशी का काम किया था और उसके ऊपर जिले के कुछ रुपए उधार थे।

जिले सिंह ने अमल यादव से रुपए मांगे तो वह टालमटोल कर देते था। उसके बाद वहां से नौकरी छोड़ कर कहीं और काम करने लगा। रुपए वापस मांगने पर उसने देने मना कर दिया। रविवार को इसी बात को लेकर करीब साढ़े 7 बजे अमल यादव अपने प्लॉट पर काम करवा रहा था। जिसे मारने के लिए जिले सिंह ने प्लान बनाया और अपने बेटे अतुल यादव व अन्य को लेकर किसान आदर्श स्कूल के पास बम्हैटा में अमल यादव के प्लॉट पर पहुंचे। प्लॉट पर अमल यादव मकान का निर्माण करवा रहा था। अमल यादव से पैसों को लेकर इनकी कहासुनी हुई। कहासुनी में विवाद बढऩे पर बाप-बेटे ने तमंचे से अमल यादव पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से अमल यादव जमीन पर गिर गया। वहां से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या के बाद आरोपी बाप-बेटे कहीं भागने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।