करोड़पति नाजिया नसीम के लिए साल 2020 लकी

केबीसी में मिली जीत से उत्साहित ग्रुप मैनेजर

मुंबई। छोटे पर्दे के चर्चित रियलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) में दिल्ली की नाजिया नसीम ने एक करोड़ रुपए की राशि जीती है। चालू सीजन में वह पहली करोड़पति बन गई हैं। 7 करोड़ के अंतिम सवाल पर अटकने के बाद नाजिया ने कोई रिस्क नहीं लिया। ऐसे में उन्होंने एक करोड़ के सवाल पर क्विट कर लिया। केबीसी में जीती धनराशि के इस्तेमाल पर भी नाजिया ने अपनी फ्यूचर प्लानिंग की जानकारी दी है। होनहार नाजिया नसीम कॉलेज के दिनों से केबीसी में आने के लिए प्रयासरत थीं। उन्होंने कहा कि कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) को 20 से ज्यादा साल और 12 सीजन हो गए हैं। कॉलेज में पढ़ते समय नाजिया ने पहली बार केबीसी के लिए ट्राई किया था। तब लैंडलाइन फोन के दिन थे, जो 15-20 दिनों में डेड हो जाया करते थे। नाजिया ने बताया कि ऐसे में उन्हें टेलीफोन बूथ में जाकर अपनी किस्मत आजमानी पड़ती थी। वह अपनी फिंगर्स क्रॉस्ड रखकर कॉल बैक का इंतजार करती थीं। किसे पता होता था कि जब कॉल बैक आएगा तब तक हमारा फोन डेड हो चुका होगा। उस समय ईमेल और हैंडसेट फोन नहीं होते थे। इसके बावजूद नाजिया कोशिश करती रहीं, मगर कभी सफलता नहीं मिली। आखिरकार यह साल 2020 में हो पाया है। नाजिया नसीम ने कहा कि नागरिकों के यकीन से थोड़ा इतर साल 2020 उनके लिए काफी लकी रहा है। वह कभी भी ऐसा नहीं कहेंगी कि साल 2020 एक बुरा साल है। एक करोड़ की धनराशि के इस्तेमाल की बावत पूछे गए सवाल पर नाजिया ने कहा कि अब तक उन्होंने कोई प्लानिंग नहीं की है। पेशे से ग्रुप मैनेजर नाजिया ने कहा कि वह परिवार के साथ बैठकर इस बारे में विचार-विमर्श करेंगी। हालांकि नाजिया की पहली प्राथमिकता माता-पिता और बच्चा है। नाजिया ने कहा कि मैं एक त्वरित रिएक्शन के तौर पर इतनी बड़ी धनराशि को व्यय नहीं करना चाहती हूं।