आचार संहिता का हटा ब्रेकर अब तेजी से विकास की तैयारी में जुटे जीडीए वीसी अतुल वत्स

-मास्टर प्लान के साथ नगर निगम को इंदिरापुरम कॉलोनी हैंडओवर पर रहेगा फोकस
– निर्माण व नवीनीकरण कार्यों में आएगी तेजी, करोड़ों के विकास कार्य हो सकेंगे पूरे

विजय मिश्रा (उदय भूमि)
गाजियाबाद। जिले में लोकसभा चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता का ब्रेकर हटने के बाद विकास कार्यों में तेजी लाने की कवायद शुरू हो गई है। अलग-अलग विभागों ने इसका खाका तेजी से तैयार करना शुरू कर दिया है। करोड़ों रुपए के विकास कार्यों को पूरा कराने के लिए अब विभागों द्वारा तैयारी तेजी से की जाएगी। जीडीए, नगर निगम समेत अन्य विभागों में लोकसभा चुनाव के चलते पिछले तीन माह से विकास कार्यों पर रोक लग गई थी। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर लगी आदर्श आचार संहिता समाप्त होते ही एक बार फिर से निर्माण व नवीनीकरण कार्य में तेजी आएगी। आचार संहिता लगने के साथ नए स्तर से होने वाले विकास कार्यों पर पूरी तरह से रोक लग गई थी। यहां तक कि आचार संहिता के लागू होने के साथ ही पूरा प्रशासनिक अमला चुनाव की तैयारियों में जुट गया। जिसमें अब जीडीए की इंदिरापुरम कॉलोनी को नगर निगम को हैंडओवर करने का मुद्दा भी हल हो सकेगा। इससे करीब 1.50 लाख की आबादी को फायदा मिलेगा। इसके अलावा महायोजना-2031 का मास्टर प्लान भी लागू होगा।

कोयल एंक्लेव योजना में रामायण थीम पार्क, बटर फ्लाई पार्क आदि प्रोजेक्ट को भी जीडीए अब पूरा कर सकेगा। लोकसभा चुनाव की वजह से पिछले तीन माह से आदर्श आचार संहिता लगी हुई थी। ऐसे में जनपद में नए विकास कार्य शुरू नहीं किए जा सकें। आचार संहिता हटने के बाद अब जनपद में विकास कार्यों में तेजी आएगी। इसमें मुख्य रूप से इंदिरापुरम आवासीय योजना को नगर निगम को हस्तांतरण होना भी शामिल हैं। नगर निगम और जीडीए अधिकारियों की संयुक्त टीम ने वहां का भौतिक सर्वे कर लिया है। ड्रोन से सर्वे होना बाकी हैं। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की इंदिरापुरम कॉलोनी को नगर निगम को हैंडओवर कराना प्राथमिकता में है। बता दें कि वर्ष-1987 में इंदिरापुरम योजना बसना शुरू हुई थी। इसके बाद वर्ष-2011 से इसे नगर निगम को हस्तांतरण कराने के लिए पत्र भेजा गया। इसके आलवा सिटी फॉरेस्ट को आकर्षक बनाने की दिशा में यहां पर बटर फ्लाई पार्क भी बनेगा। इस पार्क में ऐसे प्रजाति के पौधे रोपित किए जाएंगे। जिससे तितलियां आकर्षित हो। मुख्य रूप से होस्ट प्लांट, सर्बस, हर्बस, घास, क्लाईम्बर, नेक्टर प्लांट, रेस्टिंग पैचे के पौधे रोपे जाएंगे। जीडीए का उद्यान अनुभाग इसका प्रस्ताव तैयार कर इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा।

रामायण पथ थीम पर विकसित होगा पार्क
जीडीए की कोयल एंक्लेव योजना में रामायण पथ थीम पर पार्क विकसित किया जाएगा। इसका प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। कोयल एंक्लेव योजना में यह पार्क 22,700 वर्गमीटर जमीन पर विकसित होगा। इसमें करीब 22 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इस पार्क में त्रेतायुग के जीवंत दर्शन हो सकेंगे। इसमें मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के दौरान का पूरा दृश्य प्रदर्शित होगा। इसमें अयोध्या से लेकर श्रीलंका तक की झलक देखने को मिलेगी। केवट भेंट, चित्रकूट का दृश्य, वाल्मीकि आश्रम, मांडव्य आश्रम, अत्रि ऋषि का आश्रम, पंचवटी, सर्वतीर्थ, शबरी का आश्रम,मलय पर्वत, कोडीकरई, रामेश्वरम समुद्र तट, रामसेतु, अशोक वाटिका, नुवारा एलिया पर्वत श्रृंखला तक का दृश्य दिखाया जाएगा। इसके अलावा जीडीए राजनगर एक्सटेंशन, मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना समेत अन्य क्षेत्रों में विकास कार्य भी कराएगा। इसमें राजनगर एक्सटेंशन में सर्कुलर रोड व जोनल रोड का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा आरआरटीएस कॉरिडोर व विशेष विकास क्षेत्र के लिए जोनल प्लान तैयार किया जाएगा। इसके बाद यहां के भू-उपयोग को मिश्रित करते हुए विकास किया जाएगा। यहां पर आवासीय व व्यवसायिक गतिविधियां हो सकेंगी।

विकास कार्यों के साथ रूके हुए प्रोजेक्ट पूरा कराने की प्लानिंग
जीडीए द्वारा शहर में कराए जाने वाले विकास कार्यों के साथ-साथ रूके हुए प्रोजेक्ट को पूरा कराने के लिए प्लानिंग कर ली गई है। इन सभी प्रोजेक्ट को पूरा कराने के लिए विभागों की ओर से तैयारी कर ली गई है। मधुबन-बापूधाम योजना में कराए जाने वाले विकास कार्यों के अलावा नई योजना पर भी काम शुरू कराया जाएगा।
अतुल वत्स
उपाध्यक्ष, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण।