-परीक्षाओं को नकलविहीन, सकुशल, शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए डीएम ने ली अधिकारियों की बैठक
गाजियाबाद। जनपद में आगामी 7 जुलाई रविवार को पर्सनल असिस्टेंट इन ईपीएफओ एवं नर्सिंग ऑफिसर इन ईएसआईसी की परीक्षा आयोजित की जाएगी। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने परीक्षा को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षाओं को नकल विहीन एवं शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराए जाने को चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने रविवार 7 जुलाई को जिले में होने वाली पर्सनल असिस्टेंट इन ईपीएफओ एवं नर्सिंग ऑफिसर इन ईएसआईसी की परीक्षा को नकलविहीन एवं परीक्षा को शांतिपूर्वक कराने को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में 11 उपकेंद्रों पर दोनों परीक्षा होगी। इनमें पर्सनल असिस्टेंट इन ईपीएफओ की परीक्षा पांच केंद्रों पर और नर्सिंग ऑफिसर की परीक्षा 6 केंद्रों पर होगी। इस परीक्षा के लिए 2412 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के निर्धारित समय से 30 मिनट पहले ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा। यदि परीक्षार्थी समय के अनुसार नहीं पहुंचता है तो उसको प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र में कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अपने साथ लेकर नहीं आएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को परीक्षाओं को नकलविहीन,शांतिपूर्वक कराने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह, संघ लोक सेवा आयोग नई दिल्ली के संयुक्त निदेशक विजय कुमार, एसडीएम सदर अरुण दीक्षित, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह समेत परीक्षा केंद्र के पे्रक्षक आदि लोग उपस्थित हुए।

















