-28 बीघा जमीन में काटी जा रही दो अवैध कॉलोनी को किया ध्वस्त
गाजियाबाद। बिना नक्शा स्वीकृत के अवैध निर्माण एवं अवैध कॉलोनियों पर जीडीए का बुलडोजर चलना शुरू हो गया है। जीडीए द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से बिल्डरों में भी हड़कंप मचा हुआ है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की सख्ती के चलते सभी जोन में अवैध निर्माण व अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई से पूर्व जीडीए द्वारा नोटिस भी जारी किया जा रहा है। मगर नोटिस मिलने के बाद भी अवैध निर्माण करने से बिल्डर व कॉलोनाइजर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे थे। शुक्रवार को मुरादनगर क्षेत्र में जीडीए प्रवर्तन-2 जोन अंतर्गत दुहाई व बसंतपुर सैंथली गांव के पास लगभग 28 बीघा जमीन पर काटी जा रही दो अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 की प्रभारी एवं ओएसडी कनिका कौशिक के नेतृत्व में अवैध कॉलोनी को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई लगातार जारी है।
इस दौरान कॉलोनाइजर व उनके समर्थकों ने विरोध किया, लेकिन जीडीए ओएसडी ने उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए पुलिस को निर्देश देकर उन्हें मौके से हटवाया। जीडीए ओएसडी कनिका कौशिक ने बताया कि मुरादनगर क्षेत्र के दुहाई गांव में रामेश्वर, प्रमोद, सुबोध ने 13 बीघा जमीन पर अवैध कॉलोनी काट रहे थे। अवैध कॉलोनी न काटी जाए, इसके लिए नोटिस भी दिया गया था। मगर उसके बाद भी निर्माण कार्य बंद नही किया गया। इसके अलावा दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गांव बसंतपुर-सैंथली में राजेंद्र द्वारा 15 बीघा जमीन पर अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी। पूर्व में इन्हें अवैध कॉलोनी न काटने के संबंध में नोटिस भी दिया गया था।
बावजूद इसके यह लोग नहीं माने। दोनों अवैध कॉलोनियों में भूखंडों की बाउंड्रीवाल, सड़क व बनाए गए अवैध मकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करा दिया गया। रास्तों को खुदवाते हुए गड्ढे कराए गए व बिजली के खंभों को उखाड़ दिया। ओएसडी ने चेतावनी दी कि किसी भी सूरत में प्रवर्तन जोन-2 क्षेत्र में जीडीए से नक्शा पास कराए बिना कोई भी अवैध कॉलोनी नहीं कटने दी जाएगी। अगर चेतावनी के बाद भी अवैध कॉलोनी काटने का प्रयास किया तो ध्वस्तीकरण के साथ-साथ संबंधित के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।















