आईटीएस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में पूर्व मुख्यमंत्री ने किया वृक्षारोपण

गाजियाबाद। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत बुधवार को मोहन नगर स्थित आईटीएस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट परिसर में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर आईटीएस- द एजुकेशन ग्रुप के निदेशक (पी आर) सुरेंद्र सूद एवं संस्थान के निर्देशक डॉ अजय कुमार ने भी पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड के साथ अपनी भागीदारी दर्ज की। इस सराहनीय कार्य के लिए पूर्व मुख्यमंत्री ने संस्थान के ओरिएंटेशन प्रोग्राम के तहत मुख्य अतिथि के रूप में छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन के प्रमुख कर्तव्य के तौर पर हरेक छात्र को पौधरोपण करना चाहिए। पौधों के बिना हमारा जीवन अधूरा है। पर्यावरण को स्वच्छ रखने में पेड़ पौधे अपना अहम योगदान निभाते है।

स्वच्छ वातावरण में ही व्यक्ति स्वच्छ रह सकता है। इसलिए बीमारियों से बचाव के लिए भी अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल मात्र पौधारोपण करने से ही अपने कार्य की इतिश्री नही कर लेनी चाहिए। अपितु पौधा लगाने के बाद उसकी समय- समय पर देखभाल करनी भी जरूरी है, ताकि यह पौधा बड़ा होकर वृक्ष बन सके। आईटीएस- द एजुकेशन ग्रुप के चैयरमैन डॉ आरपी चड्ढा ने इस अवसर पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की तथा अपनी शुभ कामना व्यक्त की। वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने भविष्य में इसे और आगे बढ़ाने की सलाह दी तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सबों को जागरूक किया।