-आंतरिक वार्डों में अभियान चलाकर की गई स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
-स्वच्छ शहर स्वस्थ नागरिक, संदेश के साथ नगर आयुक्त ने की स्वच्छता की अपील
गाजियाबाद। बरसात का मौसम भले ही गर्मी से राहत दिलाता है, लेकिन इसके साथ ही इस मौसम में कई सारी बीमारियों और संक्रमण का खतरा भी काफी बढ़ जाता है। बरसात के समय डेंगू, मलेरिया आदि के मामले तेजी से बढ़ते हैं। ऐसे में जरूरी है कि इस बीमारी से बचाव के लिए जरूरी बातों का ध्यान रखा जाए। इन्हीं सबको लेकर नगर निगम के स्वास्थ्य योद्धाओं की टीम घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चला रही है। जिससे लोग सफाई के प्रति जागरूक हो सकें। शहर की सफाई व्यवस्था की कमान संभालने के साथ-साथ जागरुकता अभियान भी तेजी से चलाया जा रहा है। नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन टीम घर-घर जाकर शहर वासियों को स्वच्छता का संदेश दे रही है। सफाई अपनाओ बीमारी भगाओ का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है और वार्डों की आंतरिक सफाई को भी प्रबल किया जा रहा है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि नगर निगम शासन के आदेश के क्रम में शहर वासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहा है। मुख्य मार्गों के साथ-साथ आंतरिक वार्डों में सफाई का विशेष ध्यान दिया जा रहा है। समस्त स्वास्थ्य विभाग की टीम और स्वच्छ भारत मिशन की टीम जन सहभागिता से सफाई की प्रति निवासियों को जागरूक कर रही है। सफाई अपनाओ बीमारी भगाओ के क्रम में शासन की गाइडलाइन के अनुसार कार्य चल रहा है। एंटी लारवा का छिड़काव नालियों में किया जा रहा है। नालियों की पूर्ण रूप से सफाई की जा रही है और नियमित हर घर से कूड़ा कलेक्शन का कार्य भी रफ्तार से चल रहा है। नगर निगम स्वास्थ्य विभाग की टीम और एसबीएम टीम द्वारा समस्त जोन में वार्डों की आंतरिक गलियों में सफाई कराई गई।
सफाई मित्रों द्वारा झाड़ू लगाकर नालियों को भी साफ किया गया और मौके पर एंटी लारवा का छिड़काव किया गया। इसी के साथ टीम द्वारा जन-जन को भी साफ रहने के लिए संदेश दिया जा रहा है। जिसमें स्वच्छ शहर स्वस्थ नागरिक का संदेश दिया गया। वार्ड संख्या-2 विजयनगर जोन के अंतर्गत अभियान चलाया गया। जिसमें लोगों को स्वच्छता के लिए जागरूक किया गया। वार्ड संख्या-40 वसुंधरा जोन अंतर्गत झंडापुर के स्कूलों में विद्यार्थियों को सफाई का संदेश दिया गया। वार्ड संख्या 59 सिटी जोन अंतर्गत हर घर को कचरा पृथक्करण के लिए जागरूक किया गया। वार्ड संख्या-86 मोहन नगर जोन के निवासियों को भी स्वच्छता के साथ-साथ स्वास्थ्य का नाता बताया गया। कवि नगर जोन अंतर्गत वार्ड-71 में भी अभियान के रूप में सफाई कराते हुए स्वच्छता का संदेश दिया गया। यही प्रक्रिया नगर निगम द्वारा निरंतर चल रही है। जिसमें जनप्रतिनिधियों की विशेष सहयोग से स्वच्छता का संदेश हर घर तक पहुंचा जा रहा है।


















