गाजियाबाद। अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को नगर निगम की टीम ने मोहन नगर जोन के अर्थला गांव में नालों की सफाई के लिए नालों पर बने हुए खोखे, रैंप और दुकानों के बड़े हुए हिस्सों पर बुलडोजर चलाकर हटाया। मौके पर जोनल प्रभारी आरपी सिंह, प्रवर्तन दल की टीम तथा पुलिस बल भी मौजूद रही। सफाई में बाधा बन रहे अवैध निर्माण को हटाने के लिए नगर निगम की टीम ने अभियान छेड़ दिया है। अभियान चलाकर प्रतिदिन नालों के ऊपर अवैध रूप से रखे हुए खोखे और रैंप पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जिसमें अन्य क्षेत्रों में भी दिनांक निश्चित करते हुए अवैध अतिक्रमण को हटाने का कार्य किया जाएगा।
नालों की सफाई के लिए नालों के ऊपर से अवैध अतिक्रमण हटाने का कार्य निरंतर चल रहा है। मोहन नगर के जोनल प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देशानुसार जोन में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए निगम का यह अभियान लगातार आगे भी जारी रहेगा। मोहन नगर जोन में अर्थला में कार्यवाही की गई। इसके अलावा करेहड़ा, भोपुरा, पसौंडा, शालीमार गार्डन, राजेंद्र नगर, लाजपत नगर में अन्य क्षेत्रों में भी आवश्यकता अनुसार कार्यवाही की जाएगी।

















