-पेड़-पौधों के प्रति जागरूकता से ही मिलेगी शुद्ध हवा: डॉ निशा सिंह
गाजियाबाद। मोहन नगर स्थित मॉर्डन कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज के पर्यावरण क्लब एवं कमेटी फॉर एक्सटेंशन एक्टिविटीज एंड कम्युनिटी आउटरीच प्रोग्राम व अमृत मंथन वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित तीन दिवसीय वृक्षारोपण अभियान के दूसरे दिन बुधवार को महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ निशा सिंह के नेतृत्व में अर्थला कैलाशवती इंटर कॉलेज के प्रांगण में वृक्षारोपण किया गया। इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में कैलाशवती इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ज्ञानीश कुमार के साथ शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ विभिन्न प्रकार के वृक्ष जैसे जामुन, नीम, पीपल, गुड़हल, अमरूद, अशोक आदि के पौधे रोपित किए।
प्राचार्य डॉ. निशा सिंह ने कहा पर्यावरण के प्रथम तत्व वायु को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। वही शुद्ध हवा हमारे जीवन की डोर को लंबा खींचता है। बरगद, पीपल, नीम पर्यावरण को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जबकि पेड़ पौधों को काट, बाग बगीचों को उजाड़ व जंगलों के अत्यधिक दोहन के माध्यम से प्रदूषण को न केवल हम न्यौता दे रहे हैं बल्कि अपने जीवन पर संकट बुला रहे हैं।
यह तथ्य है कि प्रकृति से सामंजस्य स्वस्थ जीवन का पहला आधार है और यह सामंजस्य तभी बना रहेगा जब धरती पर हरियाली रहेगी। यह हरियाली अधिकाधिक पेड़ पौधे लगा कर ही लाई जा सकती है। अभियान की समन्वयक शिक्षा विभाग की प्रवक्ता डॉ रजनी शर्मा रहीं।


















