20 को पौधरोपण महाभियान डीएम ने बैठक में परखी तैयारी

-फलदार, छायादार एवं शोभाकार पौधों का करें वृक्षारोपण: इन्द्र विक्रम सिंह
-एक पेड़ मां के नाम थीम के अंतर्गत करेंगे वृहद वृक्षारोपण: ईशा तिवारी

गाजियाबाद। महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में डीएम इन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला पौधारोपण समिति की बैठक हुई। इसमें उन्होंने बताया कि जिले में 12,55,315 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें सभी की भागीदारी आवश्यक है। डीएम ने सभी विभागों को विभागवार वृक्षारोपण के संशोधित लक्ष्य से अवगत कराते हुए अतिरिक्त पौधे उगाने का कार्य 24 घंटे मे पूर्ण कराकर वन विभाग को अवगत कराने के निर्देश दिए। सभी विभागों को पौधों की जीवितता सुनिश्चित करने के लिए समस्त सार्थक प्रयास एवं साथ ही जो विभाग मार्गों के किनारे वृक्षारोपण कर रहे है उन्हें अधिक से अधिक ट्री गार्ड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा 20 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण में अपने वृक्षारोपण स्थलों में जनप्रतिनिधियों, क्षेत्र के सम्मानित व्यक्ति, सेवाओं से रिटायर्ड गणमान्यों की भागीदारी सुनिश्चित करें।

फलदार, छायादार एवं शोभाकार पौधों का वृक्षारोपण करें। विभागाध्यक्षों को लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत पौधरोपण की कार्य योजना बनाकर 20 जुलाई को पौधरोपण करते हुए उसकी जियो टैगिंग कराने तथा हरीतिमा अमृत वन मोबाइल एप पर अपलोड करने का निर्देश दिया। उन्होंने पौधों को रोपित किए जाने के लिए स्थलों का चयन करते हुए गड्ढों की खुदाई का कार्य तथा वन विभाग से पौधे की उठान कर सभी तैयारियों को पूर्ण कर लेने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि पौधरोपण कार्यक्रम के संबंध जनप्रतिनिधियों को इसकी सूचना के साथ आमंत्रित किया जाए। साथ ही जन सहभागिता को प्राथमिकता दी जाए तथा ‘एक पेड़ मां के नाम थीम पर रोपित किए जाने वाले पौधों को अभियान के रूप में चलाने के लिए जनपद के युवा वर्ग का विशेष तौर पर सहयोग लिया जाए।

प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग ईशा तिवारी ने कहा कि 20 जुलाई को एक ही दिन जनपद में कुल 12,55,315 पौधों का वृक्षारोपण किया जाना है। प्रत्येक विभाग जिन स्थलों पर जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर रहे है उसकी सूचना प्रभागीय कार्यालय में कन्ट्रोल रूम प्रभारी को उपलब्ध करायें। नामित सदस्यों को अवगत कराया कि इस वर्ष वृक्षारोपण सत्र में सभी विभागों द्वारा होने वाले पौधारोपण को अपनी मां के नाम समर्पित करना है। अत: सभी विभाग 20  को वृहद वृक्षारोपण एक पेड़ मां के नाम थीम के अंतर्गत करेंगे।

साथ ही हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हरीतिमा एप के माध्यम से वृक्षारोपण के पश्चात् जिओ टैगिंग करना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग ईशा तिवारी, एडीसीपी क्राइम सच्चिदानंद उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सलोनी, नगर निगम उद्यान प्रभार डॉ. अनुज कुमार सिंह, डॉ. एसपी पाण्डेय, डीपीआरओ प्रदीप कुमार द्विवेदी, जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों व नामित सदस्यों द्वारा प्रतिभाग किया गया।